नई दिल्ली। प्रगति मैदान में आयोजित 39 वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में हरियाणा मंडप की विषय वस्तु ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ यानी व्यापार में सुगमता रखी गयी है जिसके चलते यह आगंतुकों के लिए आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है। हरियाणा गत वर्षों की तरह इस बार भी 14 से 27 नवम्बर तक आयोजित व्यापार मेले में बढ चढ कर हिस्सा ले रहा है और उसने अपने मंडप की विषयवस्तु व्यापार में सुगमता रखी है। मंडप में हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य तथा मुख्यमंत्री मनोहर लाल के संदेशों के माध्यम से राज्य सरकार के दृष्टिकोण को स्पष्ट किया गया है।
व्यापार मेला प्राधिकरण, हरियाणा की मुख्य प्रशासक तथा फरीदाबाद की मंडलायुक्त डॉ जी अनुपमा ने आज मंडप का अवलोकन किया और कहा कि राज्य में विभिन्न क्षेत्रों में हुई उन्नति को मंडप में बेहतर रूप से प्रदर्शित किया गया है। एक अधिकारी ने कहा कि हरियाणा देश के सर्वाधिक प्रगतिशील राज्यों में शामिल है। राज्य सरकार की उदार एवं अनुकूल नीतियों के चलते व्यापार में सुगमता के मामले में हरियाणा देश में तीसरे तथा उत्तर भारत के राज्यों में पहले स्थान पर है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में केन्द्र सरकार द्वारा अनुशंसित 'बिजनेस रिफार्म एक्शन प्वाइंट ' के सभी 369 सुधार बिंदुओं पर अमल किया गया है। सुधार बिंदुओं में सभी व्यावसायिक मंजूरी ऑनलाइन 45 दिन में दी जा रही है।