शिमला। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है कि देश में कांग्रेस का युग समाप्त हो चुका है तथा पार्टी महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनावों में बड़ी जीत दर्ज करेगी। पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार अपने गृह क्षेत्र बिलासपुर पहुंचे श्री नड्डा ने कहा कि वह पार्टी कार्यकर्ताओ और जनता की उम्मीदों पर पूर्ण उतरेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा महाराष्ट्र और हरियाणा में बड़ी जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का उत्कृष्ट समय अभी आना है और उस समय तक सभी कार्यकर्ता सामूहिक रूप से पार्टी को नई उंचाईयों तक ले जाएँगे। उन्होंने कहा देश में पार्टी के 18 करोड़ सदस्यत हो गये हैं उसने अपना ही बनाया हुआ 11 करोड़ सदस्यों का पहले का रिकार्ड खुद की तोड़ दिया है। हिमाचल में पार्टी के साथ 14 लाख नये सदस्य जुड़े हैं और सक्रिय सदस्यता चालीस हजार तक पहुँच गयी है।
भाजपा नेता ने कहा कि हिमाचल में भाजपा का 69 प्रतिशत वोट प्रतिशत पहुंच गया है कांग्रेस का युग समाप्त हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पूरी दुनिया में चर्चा है जो कि आज से पहले कभी नहीं हुआ। उन्होंने कहा अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा ऐसा प्रधानमंत्री कभी देखा ही नहीं। श्री मोदी के नेतृत्व में विश्व में भारत माता की जय हो रही है। दुनिया के रॉक स्टार के रूप में श्री मोदी को चित्रित किया जा रहा है। पाकिस्तान के साथ जिस प्रकार का सलूक हो रहा ऐसा पहले कभी नही हुआ है। केंद्र की सरकार ऐतिहासिक सरकार है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने 100 दिन में अनुच्छेद 370 हटा दिया जो कांग्रेस इतने सालों में नहीं कर पाई। आज देश का सपना और भाजपा का संघर्ष पूरा हुआ देश मे एक प्रधान, एक विधान और एक संविधान लागू हुआ, यह केवल इसलिए मुमकिन था क्योंकि आपने अपने वोट से भाजपा को यह शक्ति दी कि वह यह सम्भव कर पाई। जम्मू कश्मीर मुख्य धारा में शामिल हो गया है आने वाले समय में इस राज्य से आतंकवाद भी मिटाएंगे।