नई दिल्ली। अफ्रीकी देशों के साथ आपसी संबंधों को मजबूती देने के उद्देश्य से उप राष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडु 10 अक्टूबर से कोमोरोस और सियरा लोन की दो दिन की यात्रा पर रवाना होंगे। उप राष्ट्रपति सचिवालय ने सोमवार को यहां बताया कि किसी भारतीय उच्च पदाधिकारी की कोमोरोस की यह पहली यात्रा है। यात्रा के पहले चरण में नायडु कोमोरोस की राजधानी मोरानी पहुंचेंगे और राष्ट्रपति अजाली असौमानी से मुलाकात करेंगे। बाद में उप राष्ट्रपति कोमोरोस में प्रवासी भारतीय समुदाय से मिलेंगे।
नायडु 11 अक्टूबर को असौमानी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत करेंगे। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में कई समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। बातचीत के बाद दोनों देश एक संयुक्त वक्तव्य भी जारी करेंगे। सियरा लोन की राजधानी फ्रीटाउन को प्रस्थान करने से पहले उप राष्ट्रपति कोमोरोस की संसद के अध्यक्ष अब्दौ औसेनी से मुलाकात करेंगे और संसद के संबोधित करेंगे।