नई दिल्ली। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद, उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और देश-विदेश के अनेक नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मोदी के जन्म दिन के मौके पर देश भर में अनेक स्थानों पर कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किये गये। इस अवसर पर सुलभ इंटरनेशनल सामाजिक सेवा संगठन की ओर से यहां 559 किलोग्राम का लड्डू बनवाया गया जिसे छात्रों को वितरित किया जायेगा। मोदी का आज 69 वां जन्म दिन है।
कोविंद ने मंगलवार को ट्वीट करके कहा,‘‘ ईश्वर आपको स्वस्थ एवं प्रसन्नचित्त बनाए रखे और आप आने वाले अनेक वर्षों तक राष्ट्र की एकनिष्ठ सेवा करते रहें।’’ नायडू ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा, ‘‘भारत ने आपके नेतृत्व में आपकी सरकार द्वारा किए गए परिवर्तनकारी सुधार की बदौलत वैश्विक मंच पर नया मुकाम हासिल किया है। आपको जन्मदिन की बधाई। आप स्वस्थ रहें।’’ शाह ने ट्वीट कर कहा, ‘‘दृढ़ इच्छा शक्ति, निर्णायक नेतृत्व और अथक परिश्रम के प्रतीक देश के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपके नेतृत्व में उभरते नये भारत ने विश्व में एक मजबूत, सुरक्षित और विश्वसनीय राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बनाई है।’’ मोदी अपने जन्मदिन के मौके पर अपने गृह राज्य गुजरात के दौरे पर हैं जहां वह विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी इस अवसर पर अपनी मां हीरा बा का आशीर्वाद लेने अपने छोटे भाई पंकज मोदी के घर भी गये।
गांधी ने मोदी के 69 वें जन्मदिन पर शुभकामना देते हुए उनकी दीर्घायु की कामना की है। गांधी ने कहा, ‘‘ मैं आपके स्वस्थ, खुशहाल और दीर्घ जीवन की कामना करती हूं।’’ बिरला ने मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने अपने बधाई संदेश में कहा, ‘‘भारत के प्रधानमंत्री मोदी जी को जन्मदिवस की अनंत शुभकामनाएं। आपके विलक्षण नेतृत्व में देश नए कीर्तिमान हासिल करके प्रगति पथ पर अग्रसर होगा,ऐसी कामना के साथ पुन: आपको मेरी मंगलकामनाएं।’’ केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री हर्षवर्धन ने मोदी को उनके जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि उनका जीवन एक पुस्तक की तरह है जो आंकाक्षी नेताओं को प्रोत्साहित करेगा। वह एक युग पुरूष हैं और उनके साहसिक नेतृत्व में आधुनिक इतिहास में भारत को स्थायी सम्मान हासिल हुआ है।