नई दिल्ली। कांगों में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन में तैनात भारतीय सेना के अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल गौरव सोलंकी का पार्थिव शरीर आज कीव झील से निकाल लिया गया। सेना के अनुसार संयुक्त राष्ट्र मिशन में मिलिट्री स्टाफ आफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल सोलंकी गत 8 सितम्बर से लापता थे। दरअसल वह उस दिन कुछ अन्य अधिकारियों के साथ कीव झील में कयाकिंग के लिए गये थे। कयाकिंग के बाद अन्य अधिकारी लौट आये थे लेकिन लेफ्टिनेंट सोलंकी उनके साथ नहीं थे।
सेना के एक अधिकारी ने बताया , ‘‘ अधिकारी का पता लगाने के लिए गहन अभियान चलाया गया। उनका पार्थिव शरीर गुरूवार को 11 बजे कीव झील के एक किलोमीटर अंदर से निकाला गया। ’’ अधिकारी का पता लगाने तथा उन्हें बचाने के लिए स्पीड बोट और हेलिकॉप्टरों को लगाया गया था लेकिन इसमें सफलता नहीं मिली। कीव झील मध्य अफ्रीका में कांगो और रवांडा की सीमा पर है।