19 Apr 2024, 21:42:06 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

केरल के बाढ़ पीड़ितों को केंद्र देगा पूरी मदद : शाह

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Aug 12 2019 12:29AM | Updated Date: Aug 12 2019 12:29AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

तिरुवनंतपुरम। केंद्रीय गृह मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने रविवार को कहा कि केंद्र सरकार केरल के बाढ़ प्रभावितों की हर संभव मदद करेगी। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गयी कि शाह ने केरल के राज्यपाल पी सदाशिवम से बातचीत में यह आश्वासन दिया। विज्ञप्ति के मुताबिक राज्यपाल बाढ़ एवं भूस्खलन के कारण हुए नुकसान, राहत अभियानों  तथा राज्य में बाढ़ की मौजूदा स्थिति के बारे में एक रिपोर्ट केंद्र को शीघ्र ही भेजेंगे। राज्यपाल की रिपोर्ट में बारिश की तीव्रता बरकरार रहने की स्थिति में विभिन्न जिलों में बढ़ती मौतों, नुकसान की मात्रा, लोगों के विस्थापन की समस्या, बचाव कार्य में आ रही बाधाएं और आने वाले दिनों में और अधिक नुकसान की आशंका का हवाला दिये जाने की संभावना है।

सदाशिवम ने शाह को फोन पर राज्य में बाढ़ की मौजूदा स्थिति से अवगत कराते हुए मल्लपुरम और अन्य जिलों में भूस्खलन से प्रभावित राहत अभियानों के लिए और सहायता भेजने की गुहार लगायी है। उन्होंने राज्य प्रशासन, सशस्त्र बलों, तट रक्षक और अन्य एजेंसियों के समन्वित प्रयासों की भी सराहना की है। उन्होंने शाह को सूचित किया है कि मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने उनसे बचाव अभियान के बारे में चर्चा की थी। राज्यपाल ने यह भी बताया कि उन्होंने विजयन को बचाव और राहत कार्यों के संबंध में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »