भोपाल। मध्य प्रदेश में इन दिनों तबादलों का दौर चल रहा है। सत्ता पर काबिज होने के बाद कमलनाथ सरकार लगातार अधिकारियों कर्मचारियों के तबादले कर रही है। अधिकारी-कर्मचारियों के तबादलों के बाद अब सरकार ने पुलिस के खोजी कुत्तों का भी ट्रांसफर कर दिया है। जिसकी लिस्ट शुक्रवार देर शाम जारी कर दी गई है। आदेश के मुताबिक 23वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल में करीब 46 कु्त्तों का तबादला किया गया है। कुत्तों के साथ-साथ उनके डॉग हैंडलर्स का भी ट्रांसफर किया गया है।
इससे 46 खोजी कुत्ते इधर से उधर हो गए हैं। इनमें स्निफर, नार्को और ट्रेकर डॉग्स शामिल हैं। तबादलों की इस सूची से मुख्यमंत्री कमलनाथ का गृह जिला भी अछूता नहीं रहा। सीएम कमलनाथ के गृह जिले छिंदवाड़ा से डफी नाम के स्निफर डॉग को भोपाल के मुख्यमंत्री आवास भेजा गया है। भोपाल में मुख्यमंत्री निवास में सेवा दे रहे डॉग मास्को, जया और रीमा की विदाई करते हुए डफी, रेणु और सिकंदर की नवीन पदस्थापना की गई है। पीटीएस डॉग 23वीं वाहिनी विसबल के द्वारा डॉग हैंडलरों को उनके डॉग के साथ तत्काल प्रभाव से अस्थाई रूप से आगामी आदेश तक ड्यूटी के ए नवीन स्थान पर पदस्थ किया गया है।