20 Apr 2024, 07:45:29 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

बढ़ते अपराध : एक दूसरे को दोष देना समाधान नहीं

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jul 8 2019 12:00AM | Updated Date: Jul 8 2019 12:00AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली । दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में बढ़ती अपराध दर के मुद्दे पर केंद्र के खिलाफ उनका रुख नरम नहीं हुआ है लेकिन इसे लेकर एक दूसरे को ‘दोष देना’ समाधान नहीं है। मुख्यमंत्री ने एक आवासीय परिसर पंडरा पार्क में सीसीटीवी कैमरा लगाए जाने के काम के उद्घाटन के लिए आयोजित एक समारोह के इतर कहा, ‘किसने कहा कि हमारा रुख नरम हो गया है? हमने कई बार कहा है कि केंद्र सरकार को दिल्ली में कानून-व्यवस्था की खराब होती स्थिति के मद्देनजर कड़े कदम उठाने चाहिए।’ 
केजरीवाल ने कहा, ‘हमारी सरकार उनके साथ सहयोग कर रही है। हम वह कर रहे हैं, जो हम कर सकते हैं। एक दूसरे को दोष देना या एक दूसरे की आलोचना करना समाधान नहीं है।’ गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस गृह मंत्रालय के तहत आती है। उन्होंने कहा, ‘दिल्ली सरकार लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी कैमरा लगा रही है।
 
हमारे अधिकार क्षेत्र में आने वाली सड़कों में रोशनी का प्रबंध किया गया है।’ 
मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि उनकी सरकार कानून-व्यवस्था के संबंध में केंद्र को हर प्रकार की मदद मुहैया कराने के लिए तैयार है लेकिन केंद्र को अपने तहत आने वाले मामलों की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। केजरीवाल ने कहा कि खासकर महिलाओं के खिलाफ अपराध के बढ़ते मामलों के मद्देनजर उनकी सरकार शहर में करीब तीन लाख सीसीटीवी कैमरा लगा रही है जिससे अपराधियों को पकड़ने और अपराध दर को कम करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि कैमरों से दिल्ली पुलिस को अहम सुराग हासिल करने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘मैं छह वर्षीय एक बलात्कार पीड़िता से मिलने शनिवार को सफदरजंग अस्पताल गया था। इस मामले के आरोपी को सीसीटीवी फुटेज की मदद से कुछ ही घंटों में पकड़ लिया गया था।’ 
 
नवंबर तक सभी सरकारी स्कूलों में लग जाएंगे कैमरे : केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को शहर के सभी सरकारी स्कूलों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए एक परियोजना को लॉन्च किया। उन्होंने कहा कि यह मील का पत्थर साबित होगा। केजरीवाल ने लाजपत नगर में शहीद हेमू कल्याणी सर्वोदय बाल विद्यालय में परियोजना की शुरुआत करते हुए कहा कि दिल्ली सरकार के 1000 से अधिक स्कूलों को इस साल नवंबर तक सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जाएगा।  उन्होंने कहा कि निजी स्कूलों को पहले ही सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें सख्ती से आदेश को क्रियान्वित करने के लिए कहा जाएगा। उन्होंने कहा, ‘यह देश और दुनिया में स्कूली शिक्षा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है क्योंकि कक्षा से अभिभावकों के मोबाइल फोन पर एक ऐप के जरिए सीधा प्रसारण किया जाएगा।’ मुख्यमंत्री ने इन चिंताओं को खारिज किया कि सीसीटीवी कैमरे स्कूली बच्चों की निजता का उल्लंघन करेंगे। उन्होंने कहा कि इस पहल से दिल्ली के सरकारी स्कूलों के परिणाम में सुधार करने में मदद मिलेगी। केजरीवाल ने कहा कि सीसीटीवी सरकार की लोगों के प्रति सीधी जिम्मेदारी सुनिश्चित करेगा। उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि शहीद हेमू कल्याणी सर्वोदय बाल विद्यालय देश का पहला सरकारी विद्यालय बन गया है जहां सीसीटीवी कैमरा कवरेज है। 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »