25 Apr 2024, 00:13:08 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

भाजपा ने ‘तुष्टिकरण के छल’ को ‘समावेशी सिद्धांत’ से ख़त्म किया : नकवी

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jul 7 2019 1:35AM | Updated Date: Jul 7 2019 1:35AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

मुंबई। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने शनिवार को कहा कि भाजपा ने ‘तुष्टिकरण के छल’ को ‘समावेशी सिद्धांत के बल’ से ख़त्म किया है। नकवी भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर आज से शुरू हुए महीने भर तक चलने वाले भाजपा के देशव्यापी सदस्यता अभियान के तहत मुंबई में आयोजित सदस्यता अभियान में शामिल होते हुए यह बात कही। इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु एवं राज्य सरकार के मंत्री एवं मुंबई भाजपा के अध्यक्ष आशीष शेल्लार भी मौजूद थे। नकवी ने कहा कि तुष्टिकरण के ‘राजनीतिक दीमक’ ने देश के समावेशी विकास को बहुत नुकसान पहुँचाया।

भाजपा ने इस ‘राजनीतिक दीमक’ से देश को मुक्त कराकर ‘सर्वव्यापी, सर्वस्पर्शी, समावेशी विकास का माहौल’ तैयार किया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े राजनैतिक दल के रूप में उभरी भाजपा आज पूरी दुनिया के लोकतांत्रिक मूल्यों पर यकीन करने वाले लोगों के लिए प्रेरणा बन गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्त्ता को मोदी सरकार के ‘विकास एवं सुशासन का संदेशवाहक’ की सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता को घर-घर जा कर मोदी सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देनी चाहिए और आम लोगों को इन योजनाओं से जोड़ना चाहिए।

नकवी ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्त्ता सबसे अनुशासित कार्यकर्त्ता है। भाजपा के लिए राष्ट्र सबसे पहले, फिर दल और स्वयं का विचार सबसे बाद में है। भाजपा ने हमेशा राष्ट्र हित व लोक हित में कार्य किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा आज देश में विकास और सुशासन का पर्यायवाची बन गई है। भाजपा कार्यकर्ताओं को जनता और सरकार के बीच पुल का काम करना चाहिए। नकवी ने कहा कि विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल भाजपा के देश भर में 11 करोड़ सदस्य हैं और हमें न्यूनतम 20 प्रतिशत सदस्य और बढ़ाने हैं। इस हिसाब से भाजपा का लक्ष्य 2 करोड़ 20 लाख नए कार्यकर्त्ता बनाना है।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »