28 Mar 2024, 15:53:06 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में लोगों ने पूरे जोश से लिया हिस्सा

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jun 22 2019 12:29AM | Updated Date: Jun 22 2019 12:29AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। सियाचिन से कन्याकुमारी ,गांधीनगर से इटानगर और देश के विभिन्न के हिस्सों के अलावा विदेशों में भी शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में लोगों ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर देश के विभिन्न हिस्सों के अलावा कई अन्य देशों में भी योगाभ्यास का आयोजन किया गया। मोदी ने झारखंड़ की राजधानी रांची में प्रभात तारा मैदान में पांचवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर करीब 40000 लोगों के साथ योगाभ्यास करने से पहले लोगों को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘योग सभी सीमाओं से परे है। योग सब का है और सब योग के हैं। मैंने कहा कि जब हम आधा घंटा योग करते हैं तो वही योग नहीं है। योग अनुशासन है, समर्पण है, इसका पालन पूरे जीवन भर करना होता है।
 
‘‘प्रधानमंत्री ने कहा कि आज योग ड्राइंग रूम से बोर्डरूम तक, शहरों के पार्क से लेकर स्पोर्ट्स कंपलेक्स तक पहुंच गया है। आज गली-कूचे से वेलनेस सेंटर्स तक चारों तरफ योग को अनुभव किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज के बदलते हुए समय में बीमारी से बचाव के साथ-साथ वेलनेस पर हमारा फोकस होना जरूरी है। यही शक्ति हमें योग से मिलती है। यही भावना योग और पुरातन भारतीय दर्शन की है । राष्ट्रपति राम नाथ कोंिवद ने योग को मानवता के लिए भारत की ओर से उपहार बताया। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘योग सम्पूर्ण मानवता को भारत की ओर से उपहार है। यह स्वस्थ जीवन तथा मन और शरीर के बीच के सही संतुलन की कुंजी है।’’ नयी दिल्ली में लाल किले पर आयोजित कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने हिस्सा लिया।
 
उन्होंने कहा कि योग प्रकृति तथा अन्य जीवों के साथ सौहार्द्रपूर्ण भारतीय जीवनशैली को परिलक्षित करता है। पूरी दुनिया में योग की लोकप्रियता बढ़ी है। संसद भवन परिसर में भी योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, संसदीय कार्य मंत्री प्रशाद जोशी, कुछ अन्य मंत्री तथा कई सांसद शामिल हुये। भाजपा अध्यक्ष तथा गृह मंत्री अमित शाह और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रोहतक में  आयोजित कार्यक्रम में योगाभ्यास किया। बाद में  शाह ने लोगों को  संबोधित करते हुये कहा कि योग भारत का ‘एम्बेसडर’ बन चुका है। केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रियों ने अलग-अलग राज्यों में आयोजित योग कार्यक्रमों में शिरकत की। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राजपथ पर आम लोगों के साथ योग किया। तीनों सेनाओं ने अपने-अपने शिविरों, स्टेशनों तथा पोतों पर योगाभ्यास किया।
 
अर्द्धसैनिक बलों के जवानों ने भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर योगाभ्यास किया। भारत से बाहर भी कई देशों में योग मनाये जाने की खबर है। संयुक्त राष्ट्र ने ट्वीट कर कहा ‘‘योगाभ्यास से सोच और क्रिया में सम्वन्य स्थापित होता है। इससे आध्यात्मिक और भावनात्मक स्तर पर मजबूती आती है।’’ चीन में खेल मंत्रालय की ओर से योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बंगलादेश में राजधानी ढाका के बंगबंधु स्टेडियम में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नेपाल में प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली ने भी योगाभ्यास में हिस्सा लिया। संयुक्त अरब अमीरात में अबूधाबी में चार हजार लोगों ने योगाभ्यास किया। इजरायल में तेल अबीब में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ। 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »