नई दिल्ली। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी तीन राज्यों की कांग्रेस शासित सरकारों को अस्थिर करने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने गुरुवार को यहां संवाददाताओं से कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबका साथ, सबका विश्वास की बात करते हैं लेकिन इसके प्रति सही में अगर मोदी और उनकी सरकार की गंभीरता है और यह घोषणा या महज कोई शब्द नहीं हैं तो सबसे पहले उन्हें खुले आम दल बदल को प्रोत्साहन देना बंद कर तीन राज्यों की कांग्रेस सरकारों को अस्थिर करने का काम बंद कर देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भाजपा तीन राज्यों में कांग्रेस की सरकारों को निशाना बना रही है,उसे अपना यह खेल बंद करना चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक तरफ भाजपा सरकारी तंत्र और शासन का दुरुपयोग कर रही है और कांग्रेस सरकारों को अस्थिर कर रही है और दूसरी तरफ सबके विकास और विश्वास की बात करती है। यह पार्टी जमीनी हकीकत से बहुत दूर खड़े होकर बात करती है।