बेंगलुरु। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विवादित बयान दिया है। खड़गे ने रविवार को कर्नाटक के कलबुर्गी में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि वह (नरेंद्र मोदी) जहां भी जाते हैं, कहते हैं कि कांग्रेस को लोकसभा चुनाव में 40 सीटें भी नहीं मिलेंगी। क्या आपमें से कोई भी इस बात को मानता है…? यदि हमें (कांग्रेस) 40 से ज्यादा सीटें मिल गईं तो क्या मोदी दिल्ली के विजय चौक में फांसी लगा लेंगे…?
कर्नाटक की गुलबर्गा संसदीय सीट से तीसरी बार चुनावी मैदान में उतरे खड़गे ने रविवार को कलबुर्गी में एक रैली को संबोधित करते हुए ये विवादित बयान दिया। बता दें कि कांग्रेस को साल 2014 के लोकसभा चुनाव में 44 सीटें मिली थीं। भाजपा के पक्ष में जबरदस्त मोदी लहर थी जिसके कारण उसे 282 सीटें मिली थीं, जबकि अन्य के खाते में 217 सीटें गई थीं। इससे पहले साल 2009 के आम चुनावों में कांग्रेस को 206 सीटें मिली थीं जबकि भाजपा के खाते में 116 सीटें ही आ पाई थीं।