नई दिल्ली। मध्यप्रदेश के भोपाल से लोकसभा चुनाव लड़ रही बीजेपी प्रत्याक्षी साध्वी प्रज्ञा एक बार फिर से मुश्किलों में घिरती हुई दिखाई दे रही है। भोपाल जिला चुनाव अधिकारी ने आज साध्वी प्रज्ञा को एक और नोटिस जारी किया है। ये नोटिस प्रज्ञा पर चुनाव प्रचार पर प्रतिबंध के दौरान प्रचार करने को लेकर भेजा गया है। कांग्रेस ने आयोग को शिकायत करते हुए कहा कि तीन दिन के प्रतिबंध के बावजूद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर मंदिर-मंदिर घूमी और भजन कीर्तन कर प्रचार किया है। जिसके बाद चुनाव अधिकारी ने साध्वी प्रज्ञा से 2 दिन के भीतर जवाब मांगा है और साथ ही वीडियो फुटेज और फोटो उपलब्ध कराने के लिए कहा है।
गौर हो कि प्रज्ञा ठाकुर ने बाबरी मस्जिद विध्वंस को लेकर विवादित बयान दिया था। जिसके बाद चुनाव आयोग ने साध्वी प्रज्ञा पर 72 घंटे का बैन लगाया था। इस बैन के दौरान साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने शुक्रवार को ताबड़तोड़ 6 मंदिरों में जाकर भगवान के दर्शन किये और आशीर्वाद लिया, इस दौरान साध्वी ने जमकर ढोलक भी बजाया। आपको बता दें कि साध्वी प्रज्ञा मध्यप्रदेश के भोपाल से सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं।