25 Apr 2024, 21:59:39 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

कोविंद, वेंकैया, मोदी ने की श्रीलंका में विस्फोटों की कड़ी निंदा

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Apr 21 2019 1:57PM | Updated Date: Apr 21 2019 1:58PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने श्रीलंका में हुए बम धमाकों में मारे गए लोगों के परिजनों और घायलों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है तथा घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि भारत पूरी एकजुटता के साथ श्रीलंका के साथ खड़ा है। कोविंद ने ट्वीट किया, ‘‘ भारत श्रीलंका में हुए आतंकवादी हमलों की निंदा करता है और श्रीलंका के लोगों और सरकार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करता है।
 
निर्दोष लोगों को निशाना बनाकर की जाने वाली ऐसी संवेदनहीन हिंसा की सभ्य समाज में कोई जगह नहीं है। हम पूरी एकजुटता के साथ श्रीलंका के साथ खड़े हैं।’’ नायडू ने श्रीलंका में हुए धमाकों में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति गहरा दुख प्रकट किया है। नायडू ने ट्वीट किया, ‘‘ ईस्टर रविवार के पवित्र अवसर पर कोलंबो में हुए धमाकों में हताहत मासूम नागरिकों और उनके परिजनों के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। इस पावन अवसर पर इस विक्षिप्त हिंसा पर स्तब्ध हूं।’’
 
उन्होंने एक अन्य ट्वीट में लिखा, ‘‘ इस दुर्घटना में घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना करता हूं। ईश्वर घायलों और हताहतों के परिजनों को शोक की इस घड़ी में धैर्य और साहस दें।’’  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी श्रीलंका में हुए सिलसिलेवार धमाकों की निंदा की है। मोदी ने ट्वीट किया,‘‘ श्रीलंका में हुए भयावह विस्फोटों की कड़ी निंदा करता हूं। हमारे क्षेत्र में इस तरह की बर्बरता के लिए कोई जगह नहीं है। भारत श्रीलंका के लोगों के साथ एकजुटता के साथ खड़ा है। शोक संतप्त परिवारों और घायलों के प्रति अपनी संवदेना प्रकट करता हूं।’’  
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »