नई दिल्ली। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता और टीवी चेहरा प्रियंका चतुर्वेदी ने अपनी ही पार्टी पर बड़ा आरोप लगाया है। प्रियंका चतुर्वेदी ने पार्टी में गुंडों को अहमियत दी जाने की बात कही है। प्रियंका ने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर महिलाओं के साथ बदसलूकी करने वाले नेताओं को पार्टी में अहमियत देने का आरोप लगाया।
प्रियंका ने ट्विटर पर लिखा - जो लोग मेहनत से पार्टी में अपनी जगह बना रहे हैं, उनके बदले गलत लोगों को ज्यादा अहमियत मिल रही है। अपना खून-पसीना बहाने वालों से ज्यादा गुंडों को कांग्रेस में तवज्जो मिल रही है। बहुत दुखी हूं। पार्टी के लिए मैंने गालियां और पत्थर खाए, लेकिन उसके बावजूद पार्टी में रहने वाले नेताओं ने ही मुझे धमकियां दीं। वह बच गए हैं। बिना किसी कार्रवाई के उनका बच जाना दुर्भाग्यपूर्ण हैं।
दरअसल, प्रियंका चतुर्वेदी ने इस ट्वीट के साथ एक चिट्ठी भी पोस्ट की है। इस चिट्ठी को विजय लक्ष्मी नाम की महिला के ट्विटर हैंडल से पोस्ट किया गया है। मामला मथुरा की प्रेस कॉन्फ्रेंस से जुड़ा है। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रियंका ने राफेल सौदे से जुड़े मुद्दे पर भाजपा को घेरा था। लेकिन इसी में आरोप है कि कांग्रेस के स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उनके साथ बदसलूकी की थी।
प्रियंका ने इसकी शिकायत की थी, जिसके बाद कुछ कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई भी हुई थी। चिट्ठी में अनुशासनात्मक कार्रवाई की बात की गई। चिट्ठी में यह भी लिखा है कि कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के कहने पर ये कार्रवाई रद्द कर दी गई। इसी बात से प्रियंका चतुर्वेदी खफा हो गई हैं।