नई दिल्ली। देश में ही बनाये जा रहे विमानवाहक पोत के लिए घरेलू निजी क्षेत्र की कंपनी टाटा पॉवर स्ट्रेटजिक इंजीनियंरिंग डिविजन द्वारा विकसित लड़ाकू प्रबंधन प्रणाली आज नौसेना को सौंप दी गयी। टाटा पॉवर ने यह प्रणाली रूसी कंपनी मार्स के साथ मिलकर विकसित की है। टाटा एडवांस सिस्टम लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुकरण सिंह ने गुरूवार को यह प्रणाली नौसेना के चीफ ऑफ मेटिरियल वाइस एडमिरल जी एस पब्बी को सौंपी।
इससे पहले इस प्रणाली की सभी पहलुओं से परीक्षण और जांच की गयी। सरकार की मेक इन इंडिया योजना के तहत देश में निजी क्षेत्र को बढावा देने की दिशा में यह बड़ी उपलब्धि है। यह पहला मौका है जब निजी क्षेत्र की किसी कंपनी ने नौसेना के लिए लड़ाकू प्रबंधन प्रणाली विकसित की है। नौसेना को यह प्रणाली दिये जाने से पहले इसकी गहन जांच की गयी है और कसौटी पर खरा उतरने के बाद ही इसे नौसेना को सौंपा गया है।