28 Mar 2024, 20:51:29 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » National

वंदे भारत एक्सप्रेस पर फिर हुआ पथराव, दो महीने में चौथी घटना

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Feb 21 2019 9:41AM | Updated Date: Feb 21 2019 9:41AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

नई दिल्ली। देश की सेमी हाईस्पीड ट्रेन ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ पर बुधवार सुबह टूंडला के निकट कुछ शरारती तत्वों ने पथराव कर दिया। अचानक हुए इस हमले से रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और रेलयात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के कुछ ही समय बाद आरपीएफ टूंडला मौके पर पहुंच गई और ट्रेन बिना रुके गंतव्य के लिए रवाना हो गई। 
 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों की ट्रेन पर टूंडला के निकट हिरनगांव रेलवे स्टेशन के पास उस समय पथराव हो गया, जब यह नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से चलने के बाद नॉनस्टॉप 130 किलोमीटर/घंटे की रफ्तार से वाराणसी जा रही थी। ट्रेन को अपने पहले स्टॉपेज कानपुर में रुकना था। ट्रेन सुबह 8:05 बजे करीब टूंडला से गुजरी। जब ट्रेन सुबह 8:09 बजे हिरनगांव रेलवे स्टेशन से होकर गुजर रही थी कि कुछ शरारती तत्वों ने पथराव कर दिया। इस दौरान कोच के अंदर कांच के टुकड़े बिखर गए। किसी को चोट की कोई सूचना नहीं है। 
 
अचानक हुए इस पथराव से ट्रेन के यात्रियों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। रेलयात्रियों ने घटना की जानकारी कंडक्टर को दी। इतना ही नहीं कुछ रेलयात्रियों ने ट्वीट करके भी जानकारी दी। सूचना मिलने पर रेल अधिकारियों में हड़कंप मच गया। ट्रेन बिना रुके आगे निकल गई। सूचना मिलने पर तत्काल ही आरपीएफ टूंडला के जवान घटनास्थल पहुंचे और मामले की छानबीन की। घटना की रिपोर्ट टूंडला थाने में दर्ज कराई जा रही है।
 
इलाहाबाद पीआरओ सुनील गुप्ता ने बताया कि कुछ शरारती युवकों ने ट्रेन पर पत्थर मारा था, जो ट्रेन की खिड़की में जाकर लगा। इससे कांच में कई दरारें भी आ गई हैं। मामले की जांच की जा रही है। वहीँ सीपीआरओ गौरव कृष्ण बंसल ने कहा कि ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा-व्यवस्था के कड़े इंतजाम हैं। देशवासियों को इस ट्रेन का स्वागत करना चाहिए, न कि इस पर किसी तरह से आक्रामक होना चाहिए। ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ आपकी अपनी ट्रेन है। 
 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »