गांधीनगर। वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट के तहत शनिवार को यहां अफ्रीका दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की मौजूदगी में अफ्रीकी महाद्वीप के कुल 54 में से 50 देशों के प्रतिनिधियों ने शिरकत की। इस अवसर पर स्वराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की विदेश और आर्थिक नीति में अफ्रीका को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की घोषणा की है। पिछले चार वर्षों में अफ्रीका के साथ भारत के संबंधों ने नई गतिशीलता और ऊर्जा की अनुभूति की है।
भारत के राष्ट्रपति, उप राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री स्तर से इन चार वर्षों में 29 अफ्रीकी देशों का दौरा किया गया है। इसके साथ ही सामने से भी अफ्रीका के 35 देश के नेता भारत आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि अफ्रीका के साथ ज्यादा सुदृढ़ होते जा रहे संबंधों के अंतर्गत भारत ने अफ्रीकी देशों में आगामी वर्षों में 18 नए दूतावास और उच्चायुक्त कार्यालय शुरू करने का निर्णय लिया है। साथ ही अफ्रीकी देशों में 47 भारतीय दूतावास कार्यरत हो जाएंगे।