नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने उच्चतम न्यायालय से राफेल लड़ाकू विमान सौदा मामले में अपने फैसले पर पुनर्विचार का आग्रह किया है। सिंह ने वकील धीरज कुमार सिंह और मृणाल कुमार के माध्यम से समीक्षा याचिका दायर की है। आप सांसद ने न्यायालय से आग्रह किया है कि वह अपने फैसले पर फिर से विचार करे। न्यायालय ने गत 14 दिसम्बर को राफेल सौदा मामले में दायर याचिकायें खारिज कर दी थी। इससे पहले, भाजपा के पूर्व नेता यशवंत सिन्हा, अरुण शौरी और वकील प्रशांत भूषण ने भी पुनर्विचार याचिका दाखिल करके राफेल सौदे की जाँच की माँग खारिज करने वाले फैसले को चुनौती दी है।
इन सभी ने कहा है कि न्यायालय के फैसले में कई तथ्यात्मक और कानूनी त्रुटियाँ हैं। फैसला सरकार की ओर से सील बंद लिफाफे में न्यायालय को दी गई सामग्री पर आधारित है जिसमें सरकार ने गलत जानकारी दी है। इस मामले में श्री सिंह, वकील एमएल शर्मा, विनीत ढांडा और भाजपा के पूर्व नेताओं अरुण शौरी, यशवंत सिन्हा और कार्यकर्ता-वकील प्रशांत भूषण द्वारा अलग-अलग दलीलें दायर की गई हैं।