नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव की सीटों को लेकर नेशनल डेमोक्रेटिक एलायंस (एनडीए) में चल रही खींचतान के बीच गठबंधन ने सीट बंटवारा फॉर्मूला तैयार कर लिया है। जानकारी के मुताबिक भाजपा और जदयू 17-17 सीटों पर व लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) 6 सीटों पर चुनावी मैदान में उतरेगी।
इसके अलावा सूत्रों ने बताया कि भाजपा रामविलास पासवान को असम से अपने कोटे से राज्यसभा सीट देगी। इसी के साथ यह उम्मीद जताई जा रही है कि बिहार में लोकसभा चुनाव के लिए एनडीएम में सीट बंटवारे को लेकर उठा विवाद अब थम जाएगा। 2019 लोकसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे के मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली ने शुक्रवार को लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष रामविलास पासवान और उनके बेटे चिराग पासवान से मुलाकात की।
ऐसे तय हुआ सीटों का फॉर्मूला
बिहार में एनडीए की सीट बंटवारे को लेकर रामविलास पासवान और उनके बेटे चिराग पासवान लगातार भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के संपर्क में थे। गुरुवार को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से लोजपा के दोनों नेताओं ने मुलाकात की। इसके बाद शुक्रवार को अरुण जेटली ने मुलाकात कर सीटों को लेकर अपनी आकांक्षाओं से अवगत कराया था।
इसके बाद नीतीश कुमार शुक्रवार को दिल्ली पहुंचे। माना जा रहा है कि भाजपा नेतृत्व ने सभी से बातकर सीट बंटवारे फॉर्मूले पर मुहर लगाई। राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के राजग छोड़ देने के बाद लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) की नाराजगी को लेकर उन्हें मनाने का दौर चल रहा था।