19 Apr 2024, 07:44:54 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android

एक भिखारी सुबह-सुबह भीख मांगने निकला। चलते समय उसने अपनी झोली में जौ के मुट्ठी भर दाने डाल लिए। टोटके या अंधविश्वास के कारण भिक्षाटन के लिए निकलते समय भिखारी अपनी झोली खाली नहीं रखते। एक दिन राजपथ पर राजा की सवारी आती दिखाई दी। भिखारी ने सोचा, राजा के दर्शन और उनसे मिलने वाले दान से जीवन संवर जाएगा।

जैसे ही राजा का रथ भिखारी के निकट आया, राजा ने अपना रथ रुकवाया। भिखारी की तो मानो सांसें ही रुकने लगीं, लेकिन राजा ने उसे कुछ देने के बदले उलटे अपनी चादर उसके सामने फैला दी और भीख की याचना करने लगे। भिखारी को समझ नहीं आ रहा था कि क्या करे। भिखारी ने अपनी झोली में हाथ डाला, मगर हमेशा दूसरों से लेने वाला मन देने को राजी नहीं हो रहा था।

उसने दो दाने जौ के निकाले और उन्हें राजा की चादर पर डाल दिया। उस दिन भिखारी को रोज से अधिक भीख मिली, मगर वे दो दाने देने का मलाल उसे सारे दिन रहा। शाम को जब उसने झोली पलटी तो उसके आश्चर्य की सीमा न रही। जो जौ वह ले गया था, उसके दो दाने सोने के हो गए थे। उसे समझ में आया कि यह दान की ही महिमा के कारण हुआ है। वह पछताया कि काश! उस समय राजा को और अधिक जौ दी होती, लेकिन नहीं दे सका, क्योंकि देने की आदत जो नहीं थी।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »