मुंबई। शिव सेना के सांसद संजय राउत ने फिल्म तानाजी के ट्रेलर पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए दिल्ली विधानसभा के चुनावों में फिल्म का राजनीतिक दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। फिल्म के ट्रेलर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को छत्रपति शिवाजी महाराज और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को विश्वसनीय सैनिक तानाजी मालुसारे के तौर पर दिखाया गया है जबकि दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल को उदयभान सिंह राठौर के तौर पर दिखाया गया है। राउत ने मंगलवार को ट्रेलर पर चेतावनी देते हुए कहा,छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम का दुरुपयोग सही नहीं है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिल्म के ट्रेलर का यह वीडियो ‘पॉलीटिकल कीड़ा’ नामक वेबसाइट ने अपलोड किया है, ऐसा माना जा रहा है यह भाजपा के करीब है। ताजा विवाद इसी वीडियो को लेकर है।
कोल्हापुर से मिली रिपोर्ट के अनुसार राउत के बाद छत्रपति शिवाजी महाराज के वंशज और भारतीय जनता पार्टी के सांसद संभाजी राजे ने भी वीडियो क्लिप की तीखी आलोचना की है। उन्होंने इसकी कड़ी निंदा करते हुए इस काम को ‘अशोभनीय और असहनीय’ कारा दिया है। उन्होंने भाजपा से भी इस संबंध में अपना रूख स्पष्ट करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार इसकी जांच कराये और इस तरह का वीडियो अपलोड करने वाले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाय। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के अंदर दूसरी बार छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान करने की घटना है।
इससे पूर्व भाजपा के जय भगवान गोयल ने ‘आज के शिवाजी नरेन्द्र मोदी’ पुस्तक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तुलना छत्रपति शिवाजी महाराज से की थी जिसको लेकर भी खासा विवाद छिड़ गया था। गौरतलब है कि छत्रपति शिवाजी महाराज के नेतृत्व में तानाजी ने पुणे स्थित सिंहगढ़ किला के लिए चार फरवरी 1670 में ऐतिहासिक लड़ाई लड़ी थी। किला राजपूत सैनिक उदयभान सिंह राठौर के कब्जे में था, जिनका नेतृत्व मुगलों के सहयोगी महाराजा जय सिंह करते थे। वीडियो में सिंहगढ़ की लड़ाई और दिल्ली विधानसभा चुनाव के बीच तुलना की गई है। वहीं वेबसाइट ने इसके साथ लिखा है,जो दिल्ली जीत गया, समझो दिल जीत गया।