मुंबई। महाराष्ट्र गणपति उत्सव के लिए पूरे विश्व में प्रसिद्ध है और आज मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र ने भगवान गणपति की 10 दिन की पूजा-अर्चना करने के बाद परंपरागत ढंग से ढोल तासे और पूरे उल्हास के साथ भगवान गणपति को विदा किया। मुंबई की सबसे प्रसिद्ध लाल बाग के राजा की अंतिम आरती में फिल्म अभिनेत्री दीपिका पादुकोण शामिल हुयी। लालबाग के राजा की विदायी भी बड़े धूम-धाम से की जाती है। राजा की विदायी में हजारों लोग शामिल हुए और गिरगांव चौपाटी के समुद्र में तड़के चार बजे के आस पास राजा को विसर्जित किया जायेगा। मुंबई में लाल बाग के राजा की विशाल प्रतिमा का विसर्जन न सिर्फ गणेश मंडल के लिए बल्कि पुलिस प्रशासन के लिए भी बड़ी चुनौती होती है।
महाराष्ट्र में 10 दिन तक भगवान गणपति की सेवा की जाती है और 11वें के दिन बप्पा की विदायी गाजे-बाजे के साथ बड़े धूम धाम से की जाती है। इस मौके पर किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए प्रशासन भी पूरी तरह से मुस्तैद है। चप्पे-चप्पे की निगरानी के लिए ड्रोन की भी मदद ली जा रही है। गणपति भगवान की विदायी के लिए गिरगांव चौपाटी, शिवाजी पार्क, जूहू बीच, अक्सा बीच और वर्सोवा बीच में लाखों श्रद्धालु एकत्र हुए। प्रशासन ने भीड़ के प्रबंधन के लिए उचित व्यवस्था की है। सरकार ने किसी भी तरह की आपात स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में डॉक्टरों और फायर ब्रिगेड के लोगों को भी तैनात किया है।