झाबुआ। मध्यप्रदेश की आदिवासी बाहुल्य झाबुआ जिले की तीन विधानसभा सीटों पर आज नाम वापसी के बाद स्थिति साफ हो गई और अब यहां की तीनों विधानसभा सीटों से चौबीस उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। झाबुआ विधानसभा सीट से तीन लोगों ने अपने नाम वापसी किए और ये सभी भाजपा से थे। भाजपा के पूर्व विधायक शांतिलाल बिलवाल ने आज नाम वापस लेकर भाजपा की मुश्किले दूर कर दी। वहीं कांग्रेस के बागी उम्मीदवार के रूप में पूर्व विधायक जेवियर मेडा ताल ठोक कर मैदान में डटे है।
इसलिये यहां से कांग्रेस सांसद कांतिलाल भूरिया के पुत्र डां.विक्रांत भूरिया की मुश्किले कम होती नहीं दिख रही है। वहीं भाजपा के गुमानंसह मेडा के लिये राहत की खबर है उसके तीनों निर्दलीय उम्मीदवारों ने अपने अपने नामकंन आज वापस ले लिए। झाबुआ विधानसभा सीट से अब भाजपा से गुमानंसिह डामोर, कांग्रेस से डां.विक्रांत भूरिया, निर्दलीय जेवियर मेडा के अलावा छह अन्य प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।
वही थांदला विधानसभा सीट से आज कांग्रेस के लिये राहत की खबर रही की यहां से कांग्रेस के सारे निर्दलीयों ने अपने अपने नाम वापस ले लिये। वहीं भाजपा यहां से अपने बागी उम्मीदवार दिलीप कटारा को मनाने में असफल रही है। यहां पर भाजपा की इससे मुश्किले बढ गई है। थांदला विधानसभा सीट से आज आठ लोगों ने नाम वापस लिये और अब मैदान में आठ उम्मीदवार शेष बचे है। वहीं पेटलावद विधानसभा सीट से आज 6 लोगों ने नामाकंन वापस लिये अब यहां से सात उम्मीदवार मैदान में है। जिले में अब तस्वीर साफ हो गई है सभी उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह भी आवंटीत किये जा चुके है।