भोपाल। कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आज से शुरू किए गए समृद्ध मध्यप्रदेश अभियान पर आपत्ति जताते हुए इस संबंध में राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता एवं निर्वाचन कार्य के प्रभारी जे पी धनोपिया के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने शिकायत दर्ज कराई है।
इसमें आरोप लगाया है कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता लागू है। भाजपा इस अभियान के माध्यम से लोगों सुझाव मांगकर उन्हें पूरा करने का वादा कर रही है। यह कार्य प्रलोभन देने की तरह है, जो आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है। इसलिए भाजपा नेताओं के खिलाफ कार्रवाई कर अभियान के तहत आज भोपाल से रवाना किए गए सभी 50 रथ जब्त किए जाएं।