20 Apr 2024, 07:19:36 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि उनके जैसा कोई और नहीं हो सकता। चौहान ने कहा कि वाजपेयी भारत के स्मृति पटल पर हमेशा अटल रहेंगे। भारत देश को उन पर गर्व है। उनके देहावसान से भारतीय राजनीति के अत्यंत उज्जवल युग का समापन हो गया है। विपक्ष में रहने के बावजूद श्री वाजपेयी सर्वमान्य नेता थे। उन्होंने सकारात्मक, रचनात्मक और राष्ट्रहित की राजनीति की। उनका राजनैतिक जीवन भारतीय राजनीति की विरासत बन गया है।

वे मूल्य आधारित आदर्श राजनीति के संस्थान थे। ऐसे बिरले सपूत सदियों में जन्म लेते हैं। मुख्यमंत्री ने श्री वाजपेयी के मध्यप्रदेश से भावनात्मक रिश्ते का स्मरण करते हुए कहा कि वे अभी भी दिलो-दिमाग पर छाए हुए हैं। सक्रिय राजनीति से दूर रहने के बाद भी हमारी प्रेरणा और आदर्श थे। उनकी उपस्थिति मात्र से उत्साह मिलता था और जीवन में सकारात्मक करने की प्रेरणा मिलती थी। चौहान ने श्री वाजपेयी की कविता 'गीत नया गाता हूँ' दोहराते हुए कहा कि वे बोलते थे तो कल्पना झरती थी। अटल जी, अटल जी थे। उन जैसा कोई और नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि उनके जाने से एक युग का अंत हो गया। उनके निधन से जो शून्य पैदा हुआ है, वह कभी नहीं भरा जा सकेगा।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »