24 Apr 2024, 11:57:23 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State » Madhya Pradesh

एमपी में जमकर हुई बारिश - इंदौर में गरजते हुए पहुंचा मानसून

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jun 25 2018 10:25AM | Updated Date: Jun 25 2018 10:26AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

इंदौर। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने रविवार को मध्यप्रदेश में गरजते-चमकते हुए दस्तक दे दी। इसके साथ ही प्रदेश के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में जमकर बारिश हुई। गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष मानसून ने दो दिन की देरी से प्रदेश में दस्तक दी है। रविवार दोपहर मानसून ने प्रदेश के बुरहानपुर, आलीराजपुर, बड़वानी, खंडवा और खरगोन जिलों से प्रवेश किया। मौसम विभाग इसकी रफ्तार बेहतर बता रहा है। इसके दो से तीन दिन में राज्य के अन्य हिस्सों में आगे बढने की संभावना है।
 
शनिवार को मानसून साउथ गुजरात,महाराष्ट्र को पूरा कवर करता हुआ विदर्भ से छत्तीसगढ़ होते हुए ओडिसा, पश्चिम बंगाल तक पहुंच गया था। मानसून  दो जुलाई तक संपूर्ण प्रदेश में छा जाने की संभावना है। मौसम विभाग ने चौबीस घंटों में इंदौर, भोपाल, जबलपुर, होशंगाबाद और शहडोल संभागों व सीधी, सिंगरौली, श्योपुर, गुना और ग्वालियर जिलों में कहीं कहीं वर्षा या गरज चमक के साथ बारिश होने और तेज हवा चलने के आसार जताए हैं।
 
मध्य भारत में नौ फीसदी कम बारिशदेश में हालांकि इस बार मानसून सामान्य रहने की बात कही गई है, लेकिन पिछले 23 दिनों के आंकड़ों को देखें तो बारिश में दस फीसदी की कमी है। अब तक 110 मिमी बारिश होनी चाहिए लेकिन 99.5 मिमी बारिश ही दर्ज की गई है। उत्तर पश्चिम भारत में 24, पूर्वोत्तर में 29 और मध्य भारत में 9 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है।  जबकि दक्षिणी हिस्से में सामान्य से 29 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है।
 
इंदौर में शाम को बरसे बादल
इंदौर में रविवार को दिनभर उमस रही, लेकिन शाम होते ही बादल बरस पडेÞ। इंदौर में रविवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री दर्ज किया गया। उधर, आदिवासी बाहुल्य झाबुआ जिले में मानसून के आगमन के साथ पिछले 24 घंटों में हुई झमाझम बारिश से किसान खेती के काम में जुट गए हैं। भू-अभिलेख कार्यालय के अनुसार झाबुआ शहर में 55 मिलीमीटर, रामा में 29 मिमी, थांदला में 45 मिमी, पेटलावद में 32 मिमी, राणापुर में 50 मिमी बारिश हुई। और मेघनगर में 33 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। जिले में  औसत रूप से 74 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की जा चुकी है।
 
बड़वानी में  तीन घंटे में हुई ढाई इंच बरसात
बडवानी नगर में  तीन घंटे में ढाई इंच वर्षा दर्ज की गई है। कई स्थानों पर पेड़ की डालियां टूटकर गिर गई तो कई पेड़ उखाड़ कर नीचे गिर पड़े, जिसके कारण नगर पालिका कर्मियों को विशेष अभियान चलाकर इन्हें हटाना पड़ा। भू अभिलेख के अनुसार 24 घंटों में बड़वानी में 60.6 मिली मीटर, पाटी में 63 मिलीमीटर, राजपुर में 16 मिलीमीटर, सेंधवा में 27 मिलीमीटर, निवाली में 30 मिली मीटर, वरला में 10 मिली मीटर,चाचरियापाटी में  31 मिलीमीटर वर्षा हुई है। इस प्रकार जिले में पिछले 24 घंटे में औसत रूप से 27.84 मिलीमीटर वर्षा हुई है।
 
धार के नालछा में सात सेमी बारिश
 शनिवार रात से रविवार सुबह तक धार जिले के नालछा में सात सेन्टीमीटर बारिश हुई। राजधानी भोपाल तथा उसके आसपास के क्षेत्रों में रविवार को दिनभर आसमान में आंशिक बादल छाए रहे। यहां आगामी चौबीस घंटों के दौरान आसमान पूर्णत: मेघमय रहेगा तथा लगभग बीस किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
 
तूफान और ओले गिरने की संभावना
देश के मौसम केंद्र ने संभावना जताई है कि अगले 48 घंटों में मप्र के अलावा, ओडिशा, पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों, गुजरात,  महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों और पूर्वी उत्तरप्रदेश में बारिश होगी। फिलहाल ज्यादातर इलाकों में हल्की बारिश का क्रम बना रहेगा। उत्तरी पश्चिमी राज्यों उत्तरप्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा सहित कई राज्यों में हल्की बारिश हो सकती है। कई जगह तूफान भी आ सकता है। मौसम विभाग ने 25 जून को कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।
 
इन रास्तों से आया मानूसन
- मुंबई, सूरत, जलगांव, अमरावती, नागपुर, गोंदिया से बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा।
- गुजरात के भरूच से बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बैतूल, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला।
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »