29 Mar 2024, 21:21:15 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

विष्णुदत्त शर्मा ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के रूप में कामकाज संभाला

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Feb 18 2020 12:50AM | Updated Date: Feb 18 2020 12:50AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त मध्यप्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने आज शाम यहां प्रदेश पार्टी कार्यालय में विधिवत पदभार संभाल लिया। इस अवसर वरिष्ठ पार्टी नेता भी मौजूद थे। शर्मा सुबह ग्वालियर से ट्रेन से रवाना होकर दोपहर में यहां पहुंचे। उनका हबीबगंज रेलवे स्टेशन पर ही भव्य स्वागत किया गया। हजारों पार्टी कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में शर्मा को प्रदेश पार्टी कार्यालय ले गए। शर्मा ने वरिष्ठ नेता शिवराज सिंह चौहान, नरेंद्र सिंह तोमर, राकेश सिंह, सुहास भगत, गोपाल भार्गव, प्रभात झा, थावरचंद गेहलोत, फग्गन सिंह कुलस्ते, कप्तान सिंह सोलंकी और अन्य नेताओं की मौजूदगी में कार्यभार ग्रहण किया। इसके पहले स्टेशन से रैली प्रदेश कार्यालय के समीप स्थित डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी प्रतिमा स्थल पर पहुंची, जहां पूर्व मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौहान ने नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। इसके बाद दोनों नेताओं ने डॉ. मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
 
यहां से रैली के रूप में प्रदेश अध्यक्ष कार्यकर्ताओं के साथ बोर्ड आफिस चौराहे पर पहुंचे और उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। रैली यहां से तय मार्ग से होते हुए वापस प्रदेश कार्यालय पहुंची। रैली मार्ग में कार्यकर्ताओं ने जगह जगह मंच बनाकर प्रदेश अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने शर्मा का स्वागत किया। सभी नेताओं के साथ शर्मा ने प्रदेश कार्यालय स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय, कुशाभाऊ ठाकरे और राजमाता विजयराजे सिंधिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कार्यालय स्थित प्रदेश अध्यक्ष कक्ष में पूजा कर चौहान, तोमर, राकेश सिंह, सोलंकी, सुहास भगत सहित पार्टी नेताओं की उपस्थिति में पदभार ग्रहण किया।
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »