सागर। मध्यप्रदेश के नवीन और नवकरणीय ऊर्जा मंत्री हर्ष यादव ने मुख्यमंत्री कमलनाथ के जन्म दिवस पर सोमवार को सागर जिले के देवरी में रक्तदान किया। यादव सहित 78 लोगों ने रक्तदान किया। यादव आज स्व. इंदिरा गांधी की जयंती पर स्थानीय कार्यक्रम में भी शामिल हुए। आधिकारिक जानकारी के अनुसार जिले के महाराजपुर और केसली में सोमवार को नेत्र शिविर में नागरिकों का नेत्र रोग परीक्षण भी किया गया।
ऑपरेशन की जरूरत वालों को चिन्हित कर चिकित्सकों और नेत्र रोग विशेषज्ञों से परामर्श भी दिलवाया गया। समाज-सेवा का यह क्रम आगे भी जारी रहेगा। यादव ने कहा कि प्रदेश में विकास का छिंदवाड़ा मॉडल लोकप्रिय हो रहा है। आज देश के करीब 600 जिलों में छिंदवाड़ा की स्थिति और पहचान विकास के उदाहरण के रूप में है। इसका पूरा श्रेय मुख्यमंत्री कमलनाथ को है। इसी तर्ज पर मध्यप्रदेश के विकास की पहल हुई है, जो शीघ्र साकार होगी। प्रदेश की तीव्र प्रगति के परिणाम भी सामने आने लगे हैं।