29 Mar 2024, 11:50:32 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State

वाहन खराब होने के चलते दबिश पर नहीं जा सकी पुलिस

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Sep 17 2019 1:19AM | Updated Date: Sep 17 2019 1:19AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

बड़वानी। मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले की राजपुर पुलिस आज वाहन खराब हो जाने के चलते महत्वपूर्ण दबिश पर नहीं जा सकी। राजपुर के नगर निरीक्षक अनिल बामनिया ने पत्रकारों को बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आज उन्हें एक स्थान पर पुलिस दल के साथ दबिश देना थी किंतु आधिकारिक थाना मोबाइल वाहन खराब हो जाने के चलते यह कार्य संपादित नहीं हो सका। बामनिया ने  बताया कि समस्त स्टाफ ने वाहन में धक्का लगाया किंतु वाहन स्टार्ट नहीं किया जा सका । उन्होंने बताया कि वाहन में खराबी की समस्या कई दिनों से आ रही है और उन्होंने उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया था। उन्होंने कहा कि वाहन में खराबी के चलते अन्य आवश्यक कार्य भी संपादित नहीं हो पा रहे हैं।  हालांकि यह पूछे जाने पर कि किसी बड़ी घटना को लेकर किस तरह की कार्रवाई की जाएगी,  तब उनका कहना था कि पुलिस दुपहिया वाहन अथवा अन्य वैकल्पिक वाहन से घटनास्थल पर पहुंचेगी। उधर राजपुर के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस डीएस बघेल ने इस बारे में पूछे जाने पर बताया कि नगर निरीक्षक अनिल बामनिया ने उन्हें मौखिक रूप से वाहन खराब होने की जानकारी दी थी जिस पर उन्हें उच्चाधिकारियों को अधिकृत रूप से रिपोर्ट भेजने के लिए कहा गया था। गौरतलब है कि राजपुर मध्य प्रदेश के गृहमंत्री बाला बच्चन का विधानसभा क्षेत्र तथा  निवास स्थान भी है। पुलिस द्वारा वाहन को धक्का लगा कर स्टार्ट करने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गये हैं।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »