23 Apr 2024, 17:19:44 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State » Madhya Pradesh

व्यापमं घोटाले की जांच को भटकाने की कोशिश कर रही कांंग्रेस

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jul 6 2015 9:42PM | Updated Date: Jul 6 2015 9:42PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

इंदौर। मध्यप्रदेश के बहुचर्चित व्यापमं घोटाले में शिवराज सिंह चौहान की अगुवाई वाली सरकार का बचाव करते हुए सत्तारूढ़ भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस भारी दुष्प्रचार के जरिये इस मामले की जांच को भटकाने की कोशिश कर रही है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने यहां हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से कहा, ‘कांग्रेस व्यापमं घोटाले की जांच को लगातार भटकाने की कोशिश कर रही है।

मुख्यमंत्री ने इस मामले की जांच पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) को सौंपकर नैतिकता का प्रमाण दिया है। इस जांच की निगरानी खुद हाई कोर्ट कर रहा है।’ उन्होेंने कहा, ‘कांग्रेस द्वारा व्यापमं घोटाले को लेकर भाजपा पर बार-बार लगाये जा रहे आरोप निराधार हैं। कांग्रेस लाशों पर राजनीति कर रही है, जो शर्मनाक है। कांग्रेस सिर्फ अखबारों की सुर्खियों तक सिमटकर रह जाने को अपनी उपलब्धि मान चुकी है।’

चौहान ने दावा किया कि सागर मेंं प्रशिक्षु पुलिस उपनिरीक्षक अनामिका सिकरवार की मौत का व्यापमं घोटाले से कोई लेना..देना नहीं है। मामले की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आयी है कि इस महिला पुलिस अधिकारी ने पारिवारिक विवाद के चलते कथित तौर पर जान दी। उन्होंने कहा, ‘वह (मृत मिली महिला अधिकारी) व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) के जरिये चयनित अवश्य हुई थी।

लेकिन उसके खिलाफ किसी भी प्रकार की जांच नहीं चल रही थी। उसे व्यापमं घाटाले से जोड़ना दुर्भाग्यपूर्ण है।’ झाबुआ जिले में व्यापमं घोटाले के कवरेज के दौरान टीवी संवाददाता अक्षय सिंह की मौत से जुड़े सवाल पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि इस पत्रकार की बहन ने अपने दिवंगत भाई के विसरा नमूने की जांच प्रदेश से बाहर कराने की मांग की थी जिसे मुख्यमंत्री ने स्वीकार कर लिया है।

उन्होंने कहा, ‘इस जांच की रिपोर्ट कुछ दिनों में आ जायेगी। लेकिन अक्षय की मौत के वक्त उनके साथ मौजूद लोगों का कहना है कि उनकी मौत संभवत: दिल के दौरे से हुई।’

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »