जबलपुर। लोकसभा चुनाव की घोषणा के तुरंत बाद से सम्पत्ति के विरूपण अधिनियम का पालन कराने की जा रही सघन कार्यवाही के तहत मध्यप्रदेश के जबलपुर में अभी तक सोलह हजार से अधिक बैनर और पोस्टर हटाए गए हैं। आधिकारिक जानकारी के अनुसार सार्वजनिक सम्पत्तियों से 14 हजार 929 एवं निजी सम्पत्तियों से एक हजार 539 तथा कुल 16 हजार 468 बैनर-पोस्टर एवं दीवार लेखन को हटाया गया है। सम्पत्ति विरूपण के अलावा आदर्श आचरण संहिता के उल्लंघन के एक हजार 629 मामले भी अभी तक दर्ज किए गए हैं। इसी तरह आदर्श आचरण संहिता के उल्लंघन के 144 मामलों में प्राथमिकी दर्ज कराई गयी है।