19 Apr 2024, 05:04:40 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
IPL 2018

IPL-8: ईडन में चेन्नई ढेर, मुंबई सवा सेर

By Dabangdunia News Service | Publish Date: May 25 2015 11:41AM | Updated Date: May 25 2015 11:24PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

कोलकाता। लेंडल सिमंस और कप्तान रोहित शर्मा की अर्धशतकीय पारियों के बाद गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन की बदौलत मुंबई इंडियंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को 41 रनों से मात देकर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 8वें संस्करण का खिताब अपने नाम किया। यह दूसरा मौका है, जब मुंबई इंडियंस ने आईपीएल की ट्रॉफी जीती।
 
 
इससे पहले मुंबई ने 2013 में खिताब जीता था। मुंबई की टीम इस तरह चेन्नई सुपर किंग्स (2010 और 2011) और कोलकाता नाइट राइडर्स (2012 और 2014) की तरह आईपीएल के दो-दो खिताब जीतने वाली तीसरी टीम बनी। छठी बार फाइनल खेली सुपर किंग्स की टीम को चौथी बार खिताबी मुकाबले में हार झेलनी पड़ी। मुंबई फाइनल में तीनों बार चेन्नई सुपर किंग्स से ही भिड़ी है। मुंबई को 2010 में शिकस्त का सामना करना पड़ा था, लेकिन 2013 और 2015 में टीम खिताब जीतने में सफल रही। 
 
ईडन गार्डंस पर रविवार को खेले गए फाइनल में मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 202 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। जवाबी पारी खेलते हुए चेन्नई सुपर किंग्स की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 161 रन ही बना सकी।  मुंबई टीम की यह खिताबी जीत इसलिए भी अहम है, क्योंकि टूर्नामेंट में उसकी शुरुआत बेहद खराब रही थी और उसे पहले चार मैचों में शिकस्त का सामना करना पड़ा था। इस जीत से मुंबई इंडियंस की टीम को 15 करोड़ और चेन्नई सुपर किंग्स को 10 करोड़ रुपए की इनामी राशि मिली। 
 
 
सिमंस और रोहित की मैच जिताऊ पारी
मुंबई इंडियंस की ओर से लेंडल सिमंस और कप्तान रोहित शर्मा ने अर्धशतकीय पारी खेलते हुए अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका अदा की। सिमंस ने 151.11 के स्ट्राइक रेट से 45 गेंदों पर 8 चौके और 3 छक्के की मदद से 68 रन बनाए। कप्तान रोहित शर्मा ने 192.30 के स्ट्राइक रेट से 26 गेंदों पर 6 चौकों और 2 छक्कों के सहारे 50 रन की पारी खेली। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 11.1 ओवर में 10.65 के रन रेट से 119 रन की साझेदारी की। 
 
71 रन की साझेदारी
मुंबई इंडियंस के लिए किरोन पोलार्ड और अंबाती रायडू ने धमाकेदार पारी खेली। पोलार्ड ने 200.00 के स्ट्राइक रेट से 18 गेंदों पर 2 चौके और 3 छक्के और रायडू ने 150.00 के स्ट्राइक रेट से 24 गेंदों पर 3 छक्के लगाते हुए 36-36 रन बनाए। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 6.4 ओवर में 10.65 के रन रेट से 71 रन की साझेदारी की। 
 
 
स्मिथ का अर्धशतक
ड्वेन स्मिथ को छोड़ दिया जाए तो चेन्नई का कोई भी बल्लेबाज टिककर बल्लेबाजी नहीं कर सका। चेन्नई के विकेट निरंतर अंतराल पर गिरते रहे। स्मिथ को छोड़ कोई भी बल्लेबाज मुंबई के गेंदबाजों का सामना नहीं कर पाया।  स्मिथ ने 118.75 के स्ट्राइक रेट से 48 गेंदों का सामना करते हुए 9 चौके और 1 छक्के के सहारे 57 रन बनाए। सुरेश रैना ने 19 गेंदों पर 3 चौके और 1 छक्का लगाकर 28 रन की पारी खेली। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 7.1 ओवर में 66 रन की साझेदारी की। 
 
 
दोहरी रन संख्या भी नहीं छू सके  पांच बल्लेबाज
चेन्नई सुपर किंग्स के पांच बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। मिस्टर क्रिकेट के नाम से मशहूर माइकल हसी 4, ड्वेन ब्रावो 9, पवन नेगी 3, फॉफ डुप्लेसिस 1 और अश्विन 2 रन बनाकर आउट हुए। रवींद्र जडेजा 11 और मोहित शर्मा 21 रन बनाकर नाबाद लौटे। 
 
 
अब तक के विजेता
’ चेन्नई (2010, 2011) 
’ कोलकाता (2012, 2014) 
’ मुंबई (2013, 2015) 
’ राजस्थान रॉयल्स (2008) ’ डेक्कन चार्जर्स (2009)
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »