29 Mar 2024, 19:17:01 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
State » Madhya Pradesh

इंदौर : आठ बार से इंदौर में जीत रही हैं सुमित्रा महाजन

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Mar 16 2019 3:57PM | Updated Date: Mar 16 2019 3:57PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

इंदौर। लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन मध्यप्रदेश की 29 लोकसभा सीटों में से एक महत्वपूर्ण इंदौर सीट पर पिछली आठ बार से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के रूप में लगातार चुनाव जीत रही हैं। शैक्षणिक,  लोक स्वास्थ्य, फैशन हब के रूप में प्रसिद्ध और 23 लाख से अधिक मतदाताओं वाली इंदौर सीट पर अब तक हुये चुनावों में पांच बार कांग्रेस और आठ बार भाजपा जीती है जबकि दो बार इस सीट से अन्य दलों के उम्मीदवार विजयी रहे। इंदौर शहर की पांच विधानसभा सीटों और इंदौर ग्रामीण की तीन विधानसभा सीटों से मिलकर बने इंदौर संसदीय क्षेत्र को प्रदेश की हाईप्रोफाइल सीट माना जाता है।

श्रीमती महाजन ने यहां से अपना पहला लोकसभा चुनाव 1989 में लड़ा था। उन्होंने उस दौर के कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश चंद सेठी को एक लाख ग्यारह हजार से अधिक मतों से परास्त कर लोकसभा में प्रवेश किया था। श्रीमती महाजन उसके बाद से लगातार चुनी जाती रही हैं। अपने संसदीय क्षेत्र में ‘ताई’ के नाम से पहचानी जाने वाली श्रीमती महाजन ने 1991 में कांग्रेस के ललित जैन को 80 हजार से अधिक मतों से, 1996 में कांग्रेस के मधुकर वर्मा को एक लाख से अधिक मतों से, 1998 में कांग्रेस के ही पंकज सिंघवी को 49852 मतों से, 1999 में कांग्रेस के महेश जोशी को एक लाख  31 हजार से अधिक मतों से, 2004 में कांग्रेस के रामेश्वर पटेल को एक लाख 93 हजार से अधिक मतों से पराजित किया था।

विधि स्रातक 75 वर्षीय श्रीमती महाजन ने 2009 और  2014 में कांग्रेस के सत्यनारायण पटेल को क्रमश: 11 हजार 480 और चार लाख 66 हजार 901 मतों से हराकर अपना अपराजित सफर जारी रखा। इस सीट पर 1957 में पहले चुनाव में कांग्रेस के कन्हैया लाल खादीवाला चुनाव जीते थे लेकिन 1962 में कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया के होमी दाजी सांसद चुने गये। वर्ष 1967 में कांग्रेस के प्रकाशचंद सेठी, 1971 में कांग्रेस के राम सिंह भाई सांसद रहे। 1977 में इंदौर लोकसभा सीट से भारतीय लोक दल के कल्याण जैन विजयी रहे। 1980 और 1984 में दो बार यह सीट कांग्रेस की झोली में गयी और दोनों बार यहां  से प्रकाशचंद सेठी पर इंदौर  के मतदाता ने अपना भरोसा जताया।

जिसके बाद से इंदौर लोकसभा सीट पर भाजपा की श्रीमती महाजन काबिज है। इंदौर  लोकसभा सीट पर कांग्रेस दूसरी लोकसभा 1957, चौथी 1967, पांचवीं 1971,  सातवीं 1980, और आठवीं 1984 लोकसभा में कुल पांच बार विजयी रही।  जबकि यह सीट तीसरे लोकसभा चुनाव (1962) में एक बार कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ  इंडिया के पास रही और छठवीं लोकसभा (1977) में भारतीय लोक दल के पास रही  जिसके बाद 9 वीं लोकसभा (1989) से 16 वीं लोकसभा (2014) तक कुल आठ बार से भाजपा की श्रीमती सुमित्रा महाजन सांसद हैं।       

 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »