29 Mar 2024, 11:28:17 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

आज से देश में छाएगा हॉकी विश्‍व कप का खुमार

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Nov 28 2018 12:35PM | Updated Date: Nov 28 2018 12:35PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

भुवनेश्वर। 1975 की विश्व कप विजेता भारतीय टीम के सदस्यों की मौजूदगी, कलिंगा स्टेडियम में झिलमिलाती रोशनी, बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान के मशहूर डायलॉग ‘70 मिनट हैं तुम्हारे पास’, आॅस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान के मधुर संगीत, बॉलीवुड अदाकारा माधुरी दीक्षित की मनमोहक प्रस्तुति और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ मंगलवार को यहां हॉकी विश्व कप का बेहतरीन आगाज हुआ।
 
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने 28 नवंबर से 16 दिसंबर के बीच होने वाले हॉकी विश्व कप का विधिवत उद्घाटन किया। विश्व कप में हिस्सा ले रही सभी 16 टीमों के कप्तान मंच पर मौजूद थे। पटनायक और बत्रा ने सभी कप्तानों से हाथ मिलाया। पटनायक ने शाहरुख को गले भी लगाया और किंग खान ने झुकते हुए मुख्यमंत्री का अभिवादन किया।
 
शाहरुख बोले- 70 मिनट हैं तुम्हारे पास, तालियों से गूंज उठा स्टेडियम
हाथ में हॉकी स्टिक लिए शाहरुख ने जब अपनी मशहूर फिल्म चक दे इंडिया का डायलॉग ‘70 मिनट हैं तुम्हारे पास’ बोला तो खचाखच भरा कलिंगा स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। शाहरुख ने ओडिशा के मुख्यमंत्री का स्वागत किया और उनका आभार जताया कि उन्हें यहां आने का मौका दिया गया। मशहूर बॉलीवुड अदाकारा  माधुरी दीक्षित ने बेहतरीन पारंपरिक प्रस्तुतियां दीं। माधुरी पहले सफेद लिबास में उतरीं और कुछ देर के बाद काले, नीले और फिर गुलाबी लिबास  में लौटीं। माधुरी ने ‘धरती का गीत’ नामक नृत्य नाटिका में 1000 कलाकारों के साथ प्रस्तुति दी।
 
रहमान के देशभक्ति गीतों पर झूमे दर्शक
आॅस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान के ‘मां तुझे सलाम’ और ‘जय हो’ गाने पर दर्शक झूम उठे और  स्टेडियम देशभक्ति के रंग में रंग गया।  रहमान ने हॉकी विश्व कप 2018 के आधिकारिक गीत ‘जय हिंद, जय हिंद, जय इंडिया’ को गाया और स्टेडियम में तिरंगे की रोशनी और आतिशबाजी के साथ हॉकी विश्व कप का बिगुल बज गया।
 
एक-एक टीम का मंच पर हुआ स्वागत
पहली बार भारत में ड्रोन लेजर शो का कार्यक्रम पेश किया गया और आकाश में बेहतरीन आतिशबाजी ने तो समा ही बांध दिया। उद्घाटन समारोह में सभी टीमों के कप्तान एक-एक कर मैदान में पहुंचे। समारोह की शुरुआत में अजीत पाल सिंह की अगुवाई वाली 1975 हॉकी विश्व कप विजेता हॉकी टीम का मंच पर स्वागत और सम्मान हुआ। गौरतलब है कि भारत ने अब तक एक बार ही हॉकी विश्व कप जीता था और वह इसी टीम की बदौलत मुमकिन हुआ था। अजीत पाल ने उस विश्व कप जीत का अनुभव दर्शकों के साथ साझा किया।
 
43 साल का खिताबी सूखा 
समाप्त करने उतरेगा भारत ओडिशा के भुवनेश्वर शहर में हॉकी विश्व कप का बिगुल बज चुका है और मेजबान भारत 43 साल का खिताबी सूखा समाप्त करने के इरादे से कलिंगा स्टेडियम में उतरेगा। भारत को टूर्नामेंट के पूल सी में बेल्जियम, कनाडा और दक्षिण अफ्रीका के साथ रखा गया है। भारत का पहला मुकाबला बुधवार को दक्षिण अफ्रीका से होगा और इसी दिन बेल्जियम और कनाडा की टीमें भी भिड़ेंगी। भारत को घरेलू दर्शकों के अपार सहयोग से यह मुकाबले जीतने में ज्यादा परेशानी नहीं होनी चाहिए।
 
मेजबान भारत विश्व कप का खिताब जीतने वाले पांच देशों में शामिल है और उसने अपना एकमात्र खिताब 1975 में जीता था, लेकिन उसके बाद से भारत कभी सेमीफाइनल में नहीं पहुंच पाया। भारत ने 1971 में पहले विश्व कप में तीसरा, 1973 में दूसरे विश्व कप में दूसरा और 1975 में तीसरे विश्व कप में पहला स्थान हासिल किया था। भारत का यही आखिरी विश्व खिताब था। विश्व कप जीतने वाले चार अन्य देशों में पाकिस्तान (4 बार), हॉलैंड (3 बार), आॅस्ट्रेलिया (3 बार) और जर्मनी (2 बार) शामिल हैं। आॅस्ट्रेलिया पिछले दो बार का चैंपियन है और वह खिताबी हैट्रिक बनाने के इरादे से उतरेगा।
 

 

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »