नई दिल्ली। हॉकी इंडिया (एचआई) ने पुरूष खिलाड़ी मनप्रीत सिंह, महिला टीम की गोलकीपर सविता को वर्ष 2018 के अर्जुन अवार्ड, पूर्व कप्तान भरत छेत्री को मेजर ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट और कोच बीएस चौहान को द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए नामित किया है।
एचआई ने गुरूवार को जारी बयान में इसकी घोषणा की। अर्जुन अवार्ड के लिए अनुभवी मिडफील्डर धर्मवीर सिंह, मनप्रीत सिंह और महिला हॉकी टीम की अनुभवी गोलकीपर सविता को नामित किया गया है। ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार के लिए संगगाई इबेमहाल चानू और पुरूष टीम के पूर्व कप्तान भरत छेत्री को नामित किया गया है। हॉकी इंडिया ने कोच बी एस चौहान को गुरूओं को दिए जाने वाले द्रोणाचार्य अवार्ड के लिए नामित किया है।
नामित सदस्यों के लिये हॉकी इंडिया के महासचिव मोहम्मद मुश्ताक अहमद ने कहा" हम भारतीय हॉकी के लिये बड़ा योगदान देने वाले इन खिलाड़ियों के नामों की राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिये सिफारिश करके बहुत खुश हैं। इन सभी ने अपने प्रदर्शन से देश के लिये अपनी अहमियत साबित की है। ये अपने खेल से भारतीय टीम को नयी ऊंचाइयों पर लेकर गये हैं। हम इनकी उपलब्धियों के लिये गौरवान्वित है।