नई दिल्ली। हॉकी इंडिया (एचआई) ने राष्ट्रीय टीमों के कोचों की अदला बदली करते हुए हरेंद्र सिंह को सीनियर पुरूष हॉकी टीम का कोच नियुक्त किया है जबकि पुरूष टीम के कोच शुअर्ड मरीने को अब सीनियर महिला हॉकी टीम के मार्गदर्शन की जिम्मेदारी दी गई है।
एचआई ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। 44 वर्षीय हॉलैंड के मरीने की भारतीय महिला हॉकी के कोच पद पर वापसी हुई है। वहीं भारतीय जूनियर पुरूष हॉकी टीम को लखनऊ में 2016 में हुये विश्वकप में खिताब दिलवाने वाले मौजूदा महिला टीम के प्रमुख कोच को अब पुरूष टीम के प्रमुख कोच की जिम्मेदारी सौंप दी गई है।
हरेंद्र के मार्गदर्शन में हाल ही में हुए गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में महिला हॉकी टीम का प्रदर्शन काफी संतोषजनक रहा था लेकिन वह कांस्य पदक मुकाबले में इंग्लैंड से हारकर पदक पाने से चूक गई थी। महिला टीम यहां चौथे नंबर पर रही थी। इससे पहले हरेंद्र के मार्गदर्शन में गत वर्ष जापान में हुए नौवें महिला एशिया कप में भारतीय टीम ने खिताब जीता था जो उनकी बड़ी उपलब्धि रही है।