ढाका। गुरजंत सिंह के आखिरी सेकंडों में किए गए बेहतरीन गोल के दम पर भारत ने गत चैम्पियन कोरिया को एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के सुपर फोर मुकाबले में बुधवार को 1-1 के ड्रॉ पर रोक दिया। भारत 59वें मिनट तक एक गोल से पिछड़ा हुआ था, लेकिन उसने लगातार हमलों से कोरियाई डिफेंस पर दबाव बना रखा था। भारत को आखिर इस दबाव का फायदा मिल गया और गुरजंत ने आखिरी क्षणों में कोरियाई गोल पर हुए हमले में गोलकीपर से छिटकी गेंद को संभालते हुए बराबरी का गोल दाग दिया। इस तरह भारत ने सुपर फोर में कोरिया के साथ अंक बांट लिया। भारत को बराबरी का गोल होने से राहत मिली।
वरना एक समय तो मैच उसके हाथ से ही निकल गया था। पहले दोनों क्वार्टर गोल रहित बराबर रहने के बाद तीसरे क्वार्टर में कोरिया की टीम ज्यादा बढ़-चढ़कर खेली। भारतीय टीम आश्चर्यजनक रूप से बेहद रक्षात्मक दिखाई दे रही थी। ऐसा लग ही नहीं रहा था कि यह वही टीम है जिसने पूल मैचों में जापान को 5-1 से, बंगलादेश को 7-0 से और पाकिस्तान को 3-1 से हराया था। इस बीच सुपर फोर के एक अन्य मुकाबले में मलेशिया ने पाकिस्तान को 3-2 से पराजित कर दिया।