25 Apr 2024, 05:06:39 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

ब्लाटर के दामन पर भी भ्रष्टाचार के छींटे

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jun 4 2015 10:27AM | Updated Date: Jun 4 2015 10:42AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

ज्यूरिख। फीफा अध्यक्ष पद से सेप ब्लाटर के अचानक इस्तीफे के बावजूद विश्व फुटबॉल की शीर्ष ईकाई के इर्द-गिर्द मंडराता तूफान थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब उसके छींटे ब्लाटर के दामन पर भी पड़ने की आशंका है। इसके साथ ही इंटरपोल ने फीफा के पूर्व कार्यकारी सदस्य जैक वार्नर और निकोलस लियोज को मोस्ट वांटेड सूची में शामिल कर अंतरराष्ट्रीय अलर्ट जारी किया है। 
 
इस बीच फीफा के नए अध्यक्ष के लिए दौड़ शुरू हो गई है। नए अध्यक्ष का चुनाव होने तक सेप ब्लाटर इस पद पर बने रहेंगे। भारतीय मूल के अमेरिकी सुनील गुलाटी भी अध्यक्ष पद की दौड़ में हैं। फेडरल ब्यूरो आॅफ इन्वेस्टीगेशन (एफबीआई) अब विश्व फुटबॉल को झकझोर देने वाले करोड़ों डॉलर के रिश्वतखोरी स्कैंडल में ब्लाटर की भूमिका की जांच करेगा। इस बीच इंटरपोल ने छह संदिग्धों को मोस्ट वांटेड सूची में डाला है, जिसमें फीफा के दो पूर्व कार्यकारी सदस्य जैक वार्नर और निकोलस लियोज शामिल हैं। खेल मार्केटिंग कंपनियों के भी चार प्रमुखों को सूची में रखा गया है। 
 
प्लाटिनी सबसे आगे, गुलाटी भी दौड़ में 
फीफा के एक अधिकारी ने कहा कि चुनाव समय पर होंगे। फुटबॉल खिलाड़ी से नेता बने फ्रांस के माइकल प्लाटिनी इस दौड़ में सबसे आगे माने जा रहे हैं। उन्होंने 1998 में विश्व कप का सफल आयोजन कर अपनी प्रशासनिक क्षमता से सबको अवगत कराया था। वे यूएएफए का वर्ष 2007 से नेतृत्व कर रहे हैं। जॉर्डन के शहजादे अली शुक्रवार तक फीफा के उपाध्यक्ष थे और अध्यक्ष के लिए हुए चुनाव में वे ब्लाटर से हार गए थे।  
 
रिकॉर्ड तीन बार से अमेरिकी फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे भारतीय मूल के अमेरिकी सुनील गुलाटी फीफा के नए अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल हो सकते हैं। इलाहाबाद में जन्में 55 वर्षीय गुलाटी इस पद के मजबूत दावेदार हो सकते हैं, क्योंकि माना जा रहा है कि अमेरिका इस बार फीफा अध्यक्ष के लिए दिलचस्पी ले रहा है। उन्होंने पिछले कुछ दशक में अमेरिका में फुटबॉल के विकास में अहम योगदान दिया है। गुलाटी ने कहा कि मैं फुटबॉल की बेहतरी के लिए उनके इस्तीफे की सराहना करता हूं।
 
इस्तीफे का स्वागत
पुर्तगाल के पूर्व सितारा खिलाड़ी लुईस फिगो ने ब्लाटर के इस्तीफे का स्वागत किया है। इससे पहले के चुनाव में उन्हें पुर्तगाल का पूरा समर्थन प्राप्त था, लेकिन उन्होंने अली को अधिक मौका देने के लिए अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली थी। पुर्तगाल फुटबॉल फेडरेशन के अध्यक्ष फर्नांडो गोम्स ने कहा कि इस बार फिगो अगर चुनाव लड़ना चाहेंगे तो यह एक व्यक्तिगत पसंद होगी। 
 
हुंडई भी हुआ खुश 
फीफा के एक बड़े प्रायोजक हुंडई ने फीफा अध्यक्ष सैप ब्लाटर के इस्तीफे को पहला सकारात्मक कदम बताते हुए स्वागत किया। दक्षिण कोरिया की कार निर्माता कंपनी ने 2010 में 2022 तक फीफा के आधिकारिक मोटरवाहन साझेदार के लिए करार पर हस्ताक्षर किए थे। हुंडई 2018 विश्व कप के लिए एडिडास, कोका कोला, वीजा, मैकडोनाल्ड और बुलेइसर के साथ इस प्रतियोगिता के प्रायोजकों में शामिल हैं। हुंडई ने पिछले सप्ताह कथित भ्रष्टाचार के आरोप में सात फीफा अधिकारियों की गिरफ्तारी पर गहरी चिंता प्रकट की थी। 
 
फीफा मुख्यालय में ब्लाटर का खड़े होकर अभिवादन
फीफा अध्यक्ष सेप ब्लाटर का विश्व फुटबॉल की शीर्ष संस्था फीफा के मुख्यालय में कई मिनटों तक खड़े होकर अभिवादन किया गया।  बुधवार को वह स्टाफ के करीब 400 सदस्यों को संबोधित करते हुए जज्बाती हो गए। ब्लाटर जज्बाती जरूर हुए, लेकिन उनकी आंखें भीगी नहीं। स्विटजरलैंड के इस 79 वर्षीय खेल प्रशासक ने पांचवीं बार अध्यक्ष बनने के बाद मंगलवार को इस्तीफा देकर सभी को चौंका दिया था।
 
आपस में न लड़ें
सभी ब्लाटर के बारे में पूछ रहे हैं। सभी लोग बहुत स्तब्ध थे। मैं एक खिलाड़ी हूं और चाहता हूं कि सब लोग इस खेल को आगे ले जाएं न कि आपस में लड़ें। फीफा के लिए यह कठिन समय है, क्योंकि उसे अपनी छवि को सुधारना है।
-पेले, पूर्व फुटबॉलर 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »