29 Mar 2024, 02:27:52 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

सुनील छेत्री ने मैसी को छोड़ा पीछे - लेकिन फिर भी हारा भारत

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jul 8 2019 5:49PM | Updated Date: Jul 8 2019 6:35PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

अहमदाबाद। स्टार स्ट्राइकर और कप्तान सुनील छेत्री के दो गोलों से गत चैंपियन भारत ने 2-0 की बढ़त बना ली थी लेकिन दूसरे हाफ में तीन मिनट के अंतराल में दो गोल खाने के बाद भारतीय टीम को ताजिकिस्तान के खिलाफ इंटरकांटिनेंटल फुटबॉल टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच में रविवार को 2-4 से हार का सामना करना पड़ा।
 
भारतीय कप्तान छेत्री ने इस मुकाबले में दो गोल किये और अपने अंतरराष्ट्रीय गोलों की संख्या 70 पहुंचा दी। इसके साथ ही वह अर्जेंटीना के लीजेंड फुटबाल लियोनल मैसी से आगे निकल गये जिनके 68 अंतरराष्ट्रीय गोल हैं। मौजूदा सक्रिय फुटबालरों में अब छेत्री से आगे पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो(88) हैं। 
 
भारत ने पहले हाफ में छेत्री के दो गोलों से आधे समय तक 2-0 की बढ़त बनाई लेकिन ताजिकिस्तान ने दूसरे हाफ में शानदार वापसी करते हुए पहले 2-2 से बराबरी हासिल की और फिर तीन मिनट के अंतराल में दो गोल कर मुकाबला 4-2 से अपने पक्ष में कर लिया।
 
छेत्री का पहले हाफ का शानदार प्रयास अंत में व्यर्थ गया। छेत्री ने इन दो गोलों से अपने अंतर्राष्ट्रीय गोलों की संख्या 70 पहुंचा दी है। लेकिन टीम की हार से उन्हें निराशा ही हाथ लगी। छेत्री ने मैच के चौथे ही मिनट में मिली पेनल्टी पर भारत को बढ़त दिलाने वाला गोल दाग दिया। लालियांगजुआला चांग्टे को बॉक्स में गिराए जाने पर भारत को पेनल्टी मिली और छेत्री ने इस पर गोल करने में कोई गलती नहीं की। छेत्री ने 40 वें मिनट में मंदार राव देसाई के पास पर भारत का दूसरा गोल कर दिया।
 
पहले हाफ में दो गोल से पिछड़ने वाली ताजिकिस्तान की टीम दूसरे हाफ में बदली रणनीति और नए जज्बे के साथ उतरी जबकि भारत का डिफेंस दूसरे हाफ में ताजिकिस्तान के हमलों से पूरी तरह बिखर गया। तुरसानोव ने 56वें मिनट भारतीय गोलकीपर गुरप्रीत की चूक का फायदा उठाते हुए रिबाउंड पर गोल कर स्कोर 1-2 कर दिया। 58वें मिनट में गुरप्रीत गेंद को सफाई से क्लियर नहीं कर पाए और शेरीदीन बोबोव ने बराबरी का गोल कर दिया।
 
भारत इन झटकों से अभी संभल भी नहीं पाया था कि 71वें मिनट में रहिमोव ने गुरप्रीत को छका कर ताजिकिस्तान का तीसरा गोल कर दिया। 74वें मिनट में एहसानी के लोब पर शहरोम ने चौथा गोल करने में कोई गलती नहीं की और इसके साथ ही भारत का संघर्ष समाप्त हो गया। भारत का अगला मुकाबला 13 जुलाई को उत्तर कोरिया से होगा और मुकाबले में बने रहने के लिए भारत को यह मैच जीतना होगा।
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »