17 Apr 2024, 02:48:27 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » Exclusive news

इंदौर में बनेगा प्रदेश का पहला ग्रीन आईटी पार्क

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Aug 22 2017 2:44PM | Updated Date: Aug 22 2017 2:48PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

- पंकज भारती 

इंदौर। शहर में प्रदेश के पहले ग्रीन आईटी पार्क बनाने का रास्ता साफ हो गया है। 16 हेक्टेयर (39.53 एकड़) क्षेत्रफल में बनने वाले इस ग्रीन आईटी पार्क में 56 फीसदी हिस्से पर हरियाली रहेगी। रंगवासा में स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) के सामने बनने वाले इस पार्क के लिए औद्योगिक केंद्र विकास निगम ने प्रस्ताव तैयार कर भोपाल भेज दिया है। एकेवीएन अधिकारियों का कहना है कि नए आईटी पार्क को उद्योग विभाग से हरी झंडी मिल चुकी है और अब भोपाल से आधिकारिक अनुमोदन का इंतजार किया जा रहा है। 
 
राष्ट्रीय पटल पर मिलेगा उभार
सूत्रों के अनुसार, ग्रीन आईटी पार्क के लिए इस माह के अंत तक अनुमोदन का पत्र एकेवीएन को मिलने की संभावना है। आईटी सेक्टर में नया पार्क बनने से इस सेक्टर में इंदौर तेजी से राष्ट्रीय पटल पर उभरेगा। वर्तमान में क्रिस्टल आईटी पार्क में कंपनियों के लिए स्थान उपलब्ध नहीं है। वहीं, इसके पास बनाया गया नया आईटी पार्क भी मात्र एक सप्ताह में ही पूरा भर गया था। एकेवीएन के पास स्थान चाहने वाली आईटी कंपनियों की लंबी लिस्ट है। 16 हेक्टेयर में प्रस्तावित नए ग्रीन आईटी पार्क में आईटी क्षेत्र की कंपनियों के लिए सात हेक्टेयर स्थान उपलब्ध होगा। इस पार्क के माध्यम से 15 हजार लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार उपलब्ध होने की बात कही जा रही है। 

छोटी कंपनियों को मिलेगा किराए पर स्थान
लगभग सात हेक्टेयर (17.29 एकड़) क्षेत्र में विभिन्न आकार के प्लॉट कंपनियों के लिए उपलब्ध होंगे। एकेवीएन के अनुसार, कंपनियां यहां अपना कार्यालय स्थापित करने के साथ ही आईटी सेक्टर में कमर्शियल उपयोग के लिए भवन का निर्माण भी कर सकेंगी। स्थान पाने वाली कंपनियां अपने प्रोजेक्ट के अनुमोदन पर यहां ऊंची बिल्डिंग बनाकर उसमें छोटी कंपनियों को किराए पर स्थान उपलब्ध करा सकेंगी। इस सुविधा से आईटी सेक्टर के छोटे खिलाड़ियों को विकास के नए व बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
 
मिलेंगी विशेष सुविधाएं
यह प्रदेश का पहला ग्रीन आईटी पार्क होगा, जहां उच्चस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यहां भव्य प्रवेश द्वार बनाया जाएगा। सेंट्रल ग्रीन कॉरिडोर का निर्माण भी होगा। इसके साथ ही पैदल चलने के लिए विशेष रास्ते, क्लब, स्वीमिंग पूल, फूड जोन, पार्किंग स्पेस और अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। बिजली सप्लाई के लिए ग्रिड, वॉटर टैंक, वेस्ट मैनेजमेंट आदि सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
 
अनुमोदन का इंतजार
रंगवासा में 16 हेक्टेयर क्षेत्र में प्रदेश के पहले ग्रीन आईटी पार्क का निर्माण किया जाएगा। इसकी योजना तैयार कर भोपाल भेजी जा चुकी है। अनुमोदन के बाद डीपीआर तैयार की जाएगी। 
- कुमार पुरुषोत्तम 
(एमडी, एकेवीएन) 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »