23 Apr 2024, 23:51:36 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android

कृष्णपाल सिंह इंदौर। एबी रोड स्थित सी-21 मॉल के टेरेस पर संचालित शीशा लाउंज को कोर्ट द्वारा अवैध घोषित कर इस पर रोक लगाने के आदेश के बावजूद नगर निगम के जिम्मेदारों ने ठोस कार्रवाई करने के बजाय मात्र इसे सील करने की खानापूर्ति कर ली। इसके संचालक प्रभजोत कौर पति गुरुजीतसिंह छाबड़ा और गुरुजीतसिंह पिता भगतसिंह छाबड़ा द्वारा कोर्ट में अपील की गई थी, जो खारिज हो गई, जिसके चलते निगम ने औपचारिक कार्रवाई कर दी, जबकि नियम विरुद्ध टेरेस पर किए गए इस निर्माण को ध्वस्त किया जाना था। इसे लेकर निगम की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लग रहा है।

सूत्रों के मुताबिक संचालकों के साथ निगम अफसरों की मिलीभगत है। यही कारण है कि कोर्ट का फैसला आने के बाद दिखावे की कार्रवाई कर अफसरों ने चुप्पी साध ली, ताकि संचालकों को इसे बचाने के लिए कोई उपाय तलाशने का मौका मिल सके।

लाउंज के लिए है अलग लिफ्ट

बताते हैं शीशा लाउंज की अपनी अलग लिफ्ट है, जो सिर्फ यहां आने-जाने वाले ग्राहकों के लिए ही इस्तेमाल होती है। सात नंबर की यह लिफ्ट खासतौर पर इसीलिए लगाई गई।

साज-सजावट पर किए लाखों खर्च
इस अवैध शीशा लाउंज की साज-सजावट और टेरेस को खूबसूरत बनाने के लिए संचालकों द्वारा लाखों रुपए खर्च किए गए हैं। अंधेरे में बैठने की ‘आलीशान’ व्यवस्था तो छत पर खुले में बैठने का इंतजाम भी किया गया। इसके अलावा आकर्षक पत्थरों से दीवारों को सजाया गया है। सफेद सोफे, कांच के साथ ही शानदार नक्काशी कराई गई। वहीं बार में ढेरों सोफे व टेबलें हैं। इसमें डेकोरेटिव लाइट का इस्तेमाल किया गया है, जिससे रोशनी कम रहती है। बीच-बीच में छोटे पौधे आदि भी हैं। लाउंज में सामने कई टन सरियों के सहारे 15 से 20 फीट ऊंचा आलीशान डोम बना है।

जोनल अधिकारी पीएस कुशवाह से सीधी बात

शीशा लाउंज को केवल सील किया, इसे तोड़ा क्यों नहीं?
जवाब- आदेश का पालन किया।

शीशा लाउंज तत्काल बंद कर सभी स्थायी-अस्थायी संरचना तीन दिन में हटा लेने के आदेश दिए गए थे?
जवाब- जो कमर्शियल गतिविधि चल रही थी, उसे तत्काल बंद कराया। स्थायी-अस्थायी संरचना हटाने का नोटिस दिया था।

जब तीन दिन में संचालकों ने खुद नहीं हटाया तो निगम हटा सकता है?
जवाब- हमने सील कर दिया है।

हटाने की कार्रवाई कब करेंगे?
जवाब- स्थायी-अस्थायी संरचना अलग से हटाने की बात नहीं है। जब पक्के निर्माण हटाएंगे तो सभी को साफ कर देंगे।

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »