19 Apr 2024, 17:42:06 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » Exclusive news

ट्रेजर आईलैंड की पार्किंग मामले में अफसरों ने साधी चुप्पी

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jan 5 2017 10:31AM | Updated Date: Jan 5 2017 10:31AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

कृष्णपाल सिंह इंदौर। ट्रेजर आईलैंड में पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली करते हुए करीब एक साल से ज्यादा समय हो गया, लेकिन इस पर नगर निगम कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाई।

बताया जा रहा है कि मार्केट विभाग कार्रवाई के लिए तैयार है, किंतु भवन अनुज्ञा से कोई भी जानकारी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है।  मामले में निगम अफसर एक-दूसरे पर मामला डालकर समय निकाल रहे हैं। अफसरों के सुस्त रवैये के कारण मॉल में जाने वाले लोगों को अतिरिक्त पार्किंग शुल्क देना पड़ रहा है। इतना ही नहीं, टीआई की तर्ज पर धीरे-धीरे अब शहर के कई स्थानों पर पार्किंग शुल्क वसूली शुरू हो गई और निगम कुछ नहीं कर पाया। इधर, मॉल में चल रहे निर्माण को वरिष्ठ अफसरों ने रुकवा दिया था।

नोटिस दिए तो मिला जवाब

निगम ने अवैध पार्किंग शुल्क वसूली की शिकायत के बाद तत्काल एक्शन लिया और ट्रेजर आईलैंड को मोटर व्हीकल एक्ट के तहत नोटिस जारी कर दिया। इसमें निगम ने टीआई से कहा पार्किंग में अवैध वूसली कर रहे हैं, क्योंकि जो मॉल में आ रहा है, वो सामान भी खरीदता है, तो फिर भी पार्किंग शुल्क कैसा? इस पर प्रबंधन ने तर्क दिया निजी संपत्ति पर हमारा अधिकार है। शहर के एअरपोर्ट या फिर कलेक्टोरेट सहित अन्य स्थानों पर पार्किंग शुल्क वसूला जाता है? इसके बाद निगम ने फिर नोटिस जारी किया और एफआईआर की बात कही तो फिर जवाब न्यायालय के माध्यम से दिया गया। अब निगम एक्ट को तलाशने में जुट गया है, जिसके आधार पर प्रबंधन के विरुद्ध ठोस कार्रवाई की जाए।

हमेशा विवादों में रहा टीआई मॉल
मनीष कालानी की कंपनी ट्रेजर ग्रुप के एमजी रोड पर 5.82 लाख वर्गफीट में मॉल बना है। बैंकों के लोन से लेकर निगम के प्रॉपर्टी टैक्स के मामलों में यह मॉल हमेशा उलझा रहा। बैंकों ने वसूली के लिए कुर्की के बाद नीलामी तक का इश्तेहार तक निकाला था। वहीं निगम भी अपने बकाया टैक्स की वसूली के लिए कई बार मॉल तक पहुंच गई थी। 

...और ये दिया जा रहा हवाला- किसी भी व्यावसायिक भवन बनाने के साथ-साथ उसमें पार्किंग की व्यवस्था होना अनिवार्य होता है। इस मॉल में पार्किंग बनाई गई है, किंतु उस पर शुल्क वसूला जा रहा है। यह निगम एक्ट का उल्लघंन है। हालांकि मॉल के कर्ताधर्ताओं ने बिल्डिंग अनुमति लेने के दौरान पार्किंग की राशि भी निगम में जमा करवा दी है।

निगम के भवन अधिकारी देवकीनंदन वर्मा से सीधी बात
सवाल- ट्रेजर आईलैंड पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
जवाब- सभी टीम स्वच्छ भारत मिशन के तहत लगी हुई हैं।

सवाल- तो क्या वो मनमानी करते रहेंगे?
जवाब- नहीं, उसे नए काम को लेकर नोटिस जारी कर दिया था?

सवाल- ये कौन सा नोटिस दिया गया और क्यों?
जवाब- टीआई में जो नया निर्माण किया जा रहा था, उसे लेकर दिया था, जिसके बाद उसने काम बंद कर लिया।

सवाल- पार्किंग में अवैध वसूली पर अब तक कोई कार्रवाई क्यों नहीं की?
जवाब- केस चल रहा है, मुझे ज्यादा जानकारी नहीं है।

सवाल- आपको जानकारी नहीं रहेगी, तो निगम की आफत हो जाएगी? जनता परेशान हो रही है?
जवाब- आयुक्त के निर्देश पर कार्रवाई कर देंगे।

अभिभाषक को किया नियुक्त

ट्रेजर आईलैंड द्वारा बेसमेंट में अवैध पार्किंग शुल्क वसूलने जाने पर रोक लगाने के लिए निगम द्वारा अभिभाषक को नियुक्त किया है। अब वो पूरा मामला देख रहे हैं।
- लता अग्रवाल, उपायुक्त,
नगर निगम

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »