29 Mar 2024, 04:14:25 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » Exclusive news

फॉरेन टूर के लिए साथ ले जाना पड़ रही महंगी करेंसी

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Nov 26 2016 10:19AM | Updated Date: Nov 26 2016 10:19AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

रफी मोहम्मद शेख  इंदौर। नोटबंदी का बड़ा असर उन लोगों पर भी पड़ा है, जिन्होंने विदेश यात्रा के लिए पहले से बुकिंग करा ली थी। इनमें ज्यादा दिक्कत मक्का-मदीना की उमराह यात्रा पर जाने वालों के साथ आ रही है। भारतीय करेंसी में बदलाव के चलते फिलहाल वहां मनी एक्सचेंज बंद कर दिया गया। वहीं टूर एजेंट अतिरिक्त रुपए की मांग कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में ये यात्री यहीं से करेंसी बदलकर ले जाने को मजबूर हैं, जिससे बाजार भाव से करीब 40 फीसदी अतिरिक्त राशि देना पड़ रही है।
 
उमराह पर जाने वाले यात्रियों ने आने-जाने का किराया भारतीय मुद्रा में एडवांस कर रखा है, जबकि वहां खर्च करने के लिए सऊदी रियाल की जरूरत होती है। नोटबंदी के बाद सऊदी अरब में भारतीय नोट के एक्सचेंज का काम बंद कर दिया गया। इसके पीछे कारण पुराने नोट बंद होने तथा छोटे नोट पहले से ही न बदलने की नीति है।
 
दलाल वसूल रहे चार से सात रुपए तक ज्यादा
वर्तमान में एक सऊदी रियाल का भाव करीब 18.25 रुपए है। वहां एक्सचेंज काउंटर पर इंटरनेशनल रेट के हिसाब से रुपए बदलकर रियाल दिए जाते हैं। छोटे नोटों को रखने की समस्या और नए नोटों की वैधानिकता को लेकर सऊदी में मनी एक्सचेंज बंद कर दिया गया। इसका फायदा उठाते हुए यहां दलाल और एक्सचेंज करने वाले एक रियाल के बदले 22 से 25 रुपए तक वसूल रहे हैं। यानी सऊदी की यात्रा 30 प्रतिशत तक महंगी हो गई।

अतिरिक्त राशि ले रहे हैं
टूर-ट्रेवल्स वाले भी होटल बुकिंग से लेकर खाने व अन्य व्यवस्थाओं पर खर्च के लिए रियाल की कीमत बढ़ना बताकर अतिरिक्त राशि लेने लगे हैं। वहीं विदेश जाने वालों के लिए अधिकतम सीमा तय करने से एटीएम से मात्र दस रियाल का नोट ही निकल रहा है। भारतीय कंपनियां करीब तीन रियाल प्रति ट्रांजेक्शन सर्विस टैक्स काट लेती हैं।
 
अन्य देशों में भी यही समस्या
न केवल सऊदी अरब, बल्कि अन्य किसी देश की यात्रा करने वाले भी इसी समस्या से जूझ रहे हैं। डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया कमजोर होने के साथ ही मनी एक्सचेंज में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कमोबेश यही हाल भारत में आए विदेशी यात्रियों का है, क्योंकि अधिकृत केंद्रों पर उन्हें तयशुदा राशि से ज्यादा का एक्सचेंज नहीं मिल रहा। अन्य स्थान से मनी एक्सचेंज कराने पर 20 प्रतिशत तक अतिरिक्त खर्च आ रहा है। वहीं यात्रा निरस्त कराने पर पैसा काटकर लौटाया जा रहा है।
 
करना पड़ रहा ज्यादा खर्च
हमें उमराह पर जाना है। छह महीने पहले से कार्यक्रम फिक्स था और मुंबई में टूर एजेंट को रुपए भी दे दिए थे। अब वो अतिरिक्त रुपए मांग रहा है, वहीं सऊदी अरब में मनी एक्सचेंज बंद है तो ज्यादा खर्च हो रहा है।
-मोहम्मद अबरार

कैंसिल में नुकसान
नोटबंदी के कारण रुपया टूटा है। हमने यूरोप टूर की प्लानिंग पिछले साल से ही कर ली थी। अब 30 प्रतिशत तक ज्यादा खर्च करना पड़ रहा है। यात्रा कैंसिल करें तो नुकसान उठाना पड़ेगा या फिर ज्यादा खर्च करके जाएं।
-रश्मि सोनी
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »