25 Apr 2024, 06:48:41 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » Exclusive news

बिजली का ढाई माह में होने वाला काम अब 10 दिन में

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Aug 27 2016 10:19AM | Updated Date: Aug 27 2016 10:19AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

कृष्णपाल सिंह इंदौर। शहर के विकास की रफ्तार में खंभों का पेंच फंसा हुआ है, जिस कारण चाहकर भी रफ्तार से काम नहीं हो पाता था। शहर में ऐसे ढेरों स्थानों पर या तो लेफ्ट टर्न हैं या बीच सड़क पर खंभे लगे हैं, जो रास्ते में बाधक बने हैं। इन स्थानों पर सड़कें भी बन गई, लेकिन खंभे नहीं हटे। इसके कारण यातायात व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। अब निगम अधिकारी इनको लेकर गंभीर हो गए हैं और एक साथ कई स्थानों पर इन्हें हटाने की योजना बनाई है। शुरुआत में लेफ्ट टर्न के खंभों को हटाया जाएगा। इसके लिए बाकायदा टेंडर भी जारी कर दिए गए हैं। इसमें शुरुआती 50 लाख रुपए खर्च बताया गया है। इसके पीछे मंशा है कि जो काम दो से ढाई माह में पूरा होता था वो 10 से 15 दिन में पूरा हो जाए और जनता को रास्ता मिल जाए। विधायक सुदर्शन गुप्ता ने लेफ्ट टर्न चौड़ा करने के लिए महापौर मालिनी गौड़ को परेशानी से अवगत कराया। 

यह आती थी अड़चन
लेफ्ट टर्न और सड़क चौड़ीकरण में बाधक पोल हटाने में काफी समय लगता था। सिविल का काम शुरू हो जाने के बाद बिजली का काम अटक जाता था। इसके बाद बिजली कंपनी को लिखना पड़ता था और छोटे टेंडर करना पड़ते थे, जिसमें काफी वक्त लग जाता था। एचटी लाइन, ट्रांसफॉर्मर, खंभे और सुपरविजन में निगम को मशक्कत करना पड़ती थी। इसलिए निगम कमिश्नर मनीषसिंह के आदेश के तहत बल्क में टेंडर जारी कर दिए हैं।

इन स्थानों से लिया सबक
निगम अफसरों ने इंडस्ट्री हाउस और शिवाजी वाटिका के सामने मेडिकल कॉलेज के पास लेफ्ट टर्न से सीख ली है। यहां सड़क बनकर तैयार हो गई, लेकिन खंभों को हटाने में खासी मशक्कत करना पड़ी। इस कारण यातायात बाधित होता था और जनता परेशान होती थी।

बिजली कंपनी के अफसरों का तर्क
खंभों को अचानक शिफ्ट नहीं किया जा सकता है। पहले लोड देखना पड़ता है, क्योंकि एक-एक खंभे से पूरी लाइन जुड़ी रहती है। पूरी सावधानी से दूसरे खंभे पर लोड दिया जा सकता है। इस काम को जल्दबाजी में नहीं कर सकते। पहले खंभे और उस पर से गुजरने वाले तारों की शिफ्टिंग रेंज देखते हैं, इसके बाद पूरी प्लानिंग के तहत नए खंभे पर इन तारों को शिफ्ट करते हैं। हर तरफ का लोड देखा जाता है, ताकि कोई हादसा न हो।

इन लेफ्ट टर्न को विकास की दरकार
बड़वाली चौकी।
कृष्णपुरा पुल।
सत्यसांई स्कूल चौराहा।
साकेत चौराहा से आनंद बाजार की ओर।
पलासिया पेट्रोल पंप के पास।
बड़ा गणपति चौराहा।
श्रम शिविर के पास।

यहां बीच सड़क में लगे हैं खंभे
शिवाजी नगर।
राजकुमार मंडी।
वल्लभ नगर से बीएसएनएल व स्टेशन जाने वाली फीडर रोड।
बंगाली चौराहा।

तेजी से पूरा हो सकेगा काम
शहर के लेफ्ट टर्न से ट्रांसफॉर्मर और विद्युत पोल के साथ ही खंभों की शिफ्टिंग का काम तेजी से किया जाएगा। इसके लिए आयुक्त के निर्देश पर टेंडर जारी कर दिए गए हैं। इसमें अब छोटे कामों में समय नहीं लगेगा और तेजी से काम पूरा हो सकेगा।
राकेश अखंड, कार्यपालन यंत्री, नगर निगम

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »