23 Apr 2024, 23:24:12 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
news » Exclusive news

दिग्विजय ने रोक दिए बागी नेता के 10 लाख रुपए

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Jul 12 2016 10:49AM | Updated Date: Jul 12 2016 10:49AM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

राहुल सेठी  इंदौर। आखिरकार पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस से निष्कासित बागी नेता कमलेश खंडेलवाल को स्वीकृत की गई राशि को विरोध के बाद निरस्त कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री सिंह ने गत दिनों खंडेलवाल को क्षेत्र में जल समस्या के निदान के लिए राज्यसभा से 10 लाख रुपए का बजट स्वीकृत कराया था। इसके लिए बाकायदा सिंह ने पत्र भी जारी किया था। मामले में विधानसभा-1 के कांग्रेस नेता प्रदीप यादव दीपू, विशाल अग्निहोत्री गोलू, मुकेश यादव, मंजीतसिंह टूटेजा सहित अन्य ने विरोध किया था। सभी ने स्थानीय नेताओं के साथ प्रादेशिक और केंद्रीय नेताओं को पत्र लिखे थे, जिसमें उल्लेख किया था कि जो व्यक्ति पार्टी से बाहर है, उसकी मदद करना गलत है। यदि दिग्विजय सिंह को इंदौर में बोरिंग या अन्य कार्य के लिए विशेष राशि स्वीकृत करना है तो वे शहर कांग्रेस कमेटी को उस कार्य के लिए अधिकृत करें। उनके इस पत्र के बाद ही सिंह ने खंडेलवाल को स्वीकृत की गई राशि को निरस्त कर दिया।

लगातार विरोध का सिलसिला बरकरार
इधर, क्षेत्र के नेताओं द्वारा लगातार खंडेलवाल का विरोध किया जा रहा है। गत दिनों रमजान के दौरान भी खंडेलवाल ने रोजा इफ्तार पार्टी का आयोजन रखा था। इस आयोजन में भी क्षेत्र का कोई कांग्रेसी नेता नहीं गया था। इन सभी का कहना है कि फिलहाल वे पार्टी में नहीं हैं, इसलिए उनके आयोजन पार्टी के खिलाफ हैं। यदि उनको आयोजन करना है तो वे शहर कांग्रेस के बैनर तले करें।

विधानसभा चुनाव के बाद से टकराव बढ़ा
कमलेश का विरोध विधानसभा चुनाव के पहले से ही किया जा रहा है। खंडेलवाल ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था। इससे पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी की फजीहत हो गई थी। इसी कारण अब सभी नेता एकजुट होकर कमलेश का विरोध कर रहे हैं। इनका कहना है कि पार्षद हो या विधानसभा चुनाव, सभी में कमलेश को टिकट नहीं मिला तो उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़कर पार्टी की फजीहत कराई है।

मुझे जानकारी नहीं
मुुझे दिग्विजय सिंह के यहां से कोई जानकारी नहीं मिली है। यदि राशि निरस्त की जाती है, तो उसकी जानकारी मेरे पास तो आएगी। उसके बाद ही मैं कुछ कह सकूंगा।
-कमलेश खंडेलवाल, निष्कासित नेता

हमने ही किया विरोध

हमने खंडेलवाल को स्वीकृत राशि का विरोध किया था। यदि भविष्य में कोई नेता उनकी मदद करेगा तो हमारा विरोध जारी रहेगा। वैसे भी जो नेता-कार्यकर्ता पार्टी में नहीं है, उसकी मदद पार्टी के किसी भी जनप्रतिनिधि को नहीं करना चाहिए।
-मंजीतसिंह टूटेजा, उपाध्यक्ष, शहर कांग्रेस कमेटी

  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »