मुंबई। बॉलीवुड के जाने माने अभिनेता और फिल्मकार अजय देवगन की फिल्म शिवाय ने अपने पहले वीकेंड के दौरान 28 करोड़ से अधिक की कमाई की है।
अजय की फिल्म शिवाय दीपावली के अवसर पर 28 अक्टूबर को प्रदर्शित हुई है। शिवाय अजय की महत्वाकांक्षी परियोजना है। अजय ने फिल्म में अभिनय के साथ ही निर्माण और निर्देशन भी किया है। फिल्म के जरिए अजय ने निर्देशन के क्षेत्र में आठ साल बाद वापसी की है। अजय ने अंतिम बार वर्ष 2008 में प्रदर्शित फिल्म यू मी और हम का निर्देशन किया था।
शिवाय ने अपने प्रदर्शन के पहले दिन 10.24 करोड़ की कमाई की थी। फिल्म ने दूसरे दिन 10.06 करोड़ का कारोबार किया। शिवाय का बॉक्स ऑफिस पर कनेक्शन दीवाली पर थोड़ा मंदा रहा। फिल्म ने तीसरे दिन 8.26 करोड़ की कमाई की। इस तरह शिवाय अपने पहले वीकेंड पर 28.56 करोड़ की कमाई कर चुकी है।