नई दिल्ली। दिल्ली के इंदिरा गाँधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार तड़के एक विदेशी महिला यात्री के पास से 1.61 करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा बरामद हुई। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल ने बताया कि हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 पर सुबह 4.12 बजे शक के आधार पर एक महिला यात्री के सामान की औचक जाँच की गयी। बाद में महिला यात्री की पहचान नाइजीरियाई नागरिक मरियम गर्बा के रूप में हुई जो इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-023 से दुबई जा रही थी। उड़ान को सुबह 7.20 बजे रवाना होना था।
महिला के चेकइन सामान की जाँच में पाया गया कि वह अपने साथ 2,23,600 अमेरिकी डॉलर, 5,500 सिंगापुर डॉलर और 6,520 स्विस फ्रैंक लेकर जा रही थी जिनकी कुल कीमत करीब 1.61 करोड़ रुपये है। उसने इसके बारे में सीमा शुल्क विभाग को सूचित नहीं किया था। बाद में महिला और उसके पास से जब्त विदेशी मुद्रा सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों के हवाले कर दी गयी। इसके अलावा मंगलवार शाम 6.20 बजे एक अन्य विदेशी महिला यात्री के पास से 20,600 अमेरिकी डॉलर जब्त किये गये जिसकी कीमत लगभग 14.25 लाख रुपये है। महिला की पहचान सऊदी अरब की समर अहमद आमेरजानबा के रूप में हुई है जो सऊदिया एयरलाइन की उड़ान से अपने पति के साथ जेद्दा जा रही थी। उसे भी जब्त राशि के साथ सीमा शुल्क विभाग के हवाले कर दिया गया।