29 Mar 2024, 04:01:03 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

राहुल त्रिपाठी की धमाकेदार पारी से जीता राजस्थान, RCB को 30 रनों से हराया

By Dabangdunia News Service | Publish Date: May 20 2018 12:03PM | Updated Date: May 20 2018 12:03PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

जयपुर। राहुल त्रिपाठी की धमाकेदार अर्धशतकीय पारी के बाद श्रेयस गोपाल की घातक गेंदबाजी के दम पर राजस्‍थान रॉयल्‍स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू पर 30 रनों की धमाकेदार जीत दर्ज की। राजस्‍थान के 164 रन के जवाब में पूरी बेंगलुरू टीम 134 रन पर आउट हो गई। आरसीबी की टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई।
 
राहुल त्रिपाठी की विस्‍फोटक 80 रनों की नाबाद पारी के दम पर राजस्‍थान ने टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 164 रन का स्‍कोर खड़ा किया था, लेकिन इस स्‍कोर के सामने आरसीबी की पूरी टीम भरभरा कर गिर गई। कप्‍तान विराट कोहली भी अपनी टीम के लिए कुछ खास नहीं कर पाए और 9 गेंद पर 4 रन बनाकर पेवलियन लौट गए। हालांकि डिविलियर्स ने अकेले राजस्‍थान के गेंदबाजों का सामना किया और 35 गेंद में 7 चौकों की मदद से 53 रन बनाए।
 
राहुल ने खेली नाबाद पारी
इससे पहले राजस्थान रॉयल्स ने आज राहुल त्रिपाठी के नाबाद 80 रन की बदौलत यहां इंडियन प्रीमियर लीग टी20 मैच में रायल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ पांच विकेट पर 164 रन बनाए। त्रिपाठी और अजिंक्य रहाणे (33 रन) ने दूसरे विकेट के लिए 69 गेंद में 99 रन की भागीदारी निभाई। त्रिपाठी ने इस नाबाद पारी के लिए 58 गेंद का सामना किया, जिसमें पांच चौके और तीन छक्के जड़े। इसके बाद उन्होंने हेनरिक क्लासेन (32 रन) के साथ चौथे विकेट के लिए 34 गेंद में 48 रन की साझेदारी की।
 
आरसीबी ने टॉस जीत की बल्लेबाजी
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए उमेश यादव ने चार ओवर में एक मेडन से 25 रन देकर तीन विकेट झटके जबकि मोहम्मद सिराज को 33 रन देकर एक विकेट मिला। बेंगलुरू के कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया और उनके गेंदबाजों ने शुरू से ही दबदबा बनाते हुए राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाजों को खुलकर नहीं खेलने दिया, जिसका अंदाजा इसके स्कोर को देखकर ही लगाया जा सकता है।
 
राहुल ने पूरा किया पचासा
दूसरे ओवर में उमेश ने जोफ्रा आर्चर (0) को पवेलियन की राह दिखा दी, जिन्हें विकेटकीपर पार्थिव पटेल ने कैच आउट किया। रहाणे और त्रिपाठी ने संभलकर खेलते हुए पावरप्ले के ओवर में एक विकेट पर 45 रन जोड़े। इसके बाद दोनों को शाट लगाने में परेशानी हो रही थी। त्रिपाठी ने 12वें ओवर की पांचवीं गेंद में अपना पचासा पूरा किया, लेकिन पावरप्ले ओवरों के बाद से उनके अर्धशतक तक पारी में केवल एक ही चौका लगा। उन्होंने 38 गेंद का सामना करते हुए चार चौके और एक छक्के से 50 रन बनाए। फिर त्रिपाठी ने इसी ओवर की अंतिम गेंद को छक्के के लिए पहुंचा दिया।
 
गौतम ने बनाए 14 रन
उमेश यादव ने रहाणे को पगबाधा आउट कर इस भागीदारी को तोड़ा, जिन्होंने 31 गेंद का सामना करते हुए अपनी पारी में तीन चौके जमाए। संजू सैमसन अगली ही गेंद पर उमेश यादव का तीसरा शिकार बने। त्रिपाठी एक छोर पर डटे थे। फिर हेनरिक क्लासेन ने मोहम्मद सिराज की गेंद पर आउट होने से पहले 21 गेंद में तीन चौके और एक छक्के से 32 रन जोड़े। कृष्णप्पा गौतम ने अंत में पांच गेंद में दो छक्के से 14 रन बनाए। बेंगलुरु की टीम को मुंबई इंडियंस के नेट रन रेट से बेहतर करने के लिए यह लक्ष्य 16 ओवर के भीतर हासिल करना होगा।
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »