28 Mar 2024, 17:43:39 के समाचार About us Android App Advertisement Contact us app facebook twitter android
Sport

IPL : सुनील नारायण की तूफानी पारी से जीता KKR, RCB को चार विकेट से हराया

By Dabangdunia News Service | Publish Date: Apr 9 2018 11:27AM | Updated Date: Apr 9 2018 12:54PM
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

कोलकाता। सुनील नारायण के तूफानी अर्धशतक के बाद नितीश राणा और कप्तान दिनेश कार्तिक की उम्दा पारियों की बदौलत कोलकाता ने आईपीएल में रविवार को बेंगलुरु को चार विकेट से हराकर अपने अभियान का विजयी आगाज किया। बेंगलुरु के 177 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कोलकाता ने नारायण की 19 गेंद में पांच छक्कों और चार चौकों की मदद से 50 रन की पारी की बदौलत सात गेंद शेष रहते छह विकेट पर 177 रन बनाकर जीत दर्ज की। राणा ने 34 जबकि कार्तिक ने नाबाद 35 रन की पारी खेली। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी भी की। 
 
बेंगलुरु ने इससे पहले एबी डिविलियर्स (44), ब्रैंडन मैकुलम (43) और मनदीप सिंह (37) की तूफानी पारियों से सात विकेट पर 176 रन बनाए। डिविलियर्स ने 23 गेंद की पारी में एक चौका और पांच छक्के मारे जबकि मैकुलम ने 27 गेंद का सामना करते हुए छह चौके और दो छक्के जड़े। मनदीप ने अंत में 18 गेंद में 37 रन बनाकर टीम का स्कोर 175 रन के पार पहुंचाया. कप्तान विराट कोहली ने 33 गेंद में एक चौके और एक छक्के से 31 रन की धीमी पारी खेली। 
 
लक्ष्य का पीछा करने उतरे कोलकाता को नारायण ने तूफानी शुरुआत दिलाई। नारायण ने युजवेंद्र चहल की पारी की पहली दो गेंदों पर चौके और छक्का जड़ा। क्रिस लिन (05) हालांकि अगले ओवर में क्रिस वोक्स की गेंद पर डिविलियर्स को आसान कैच दे बैठे। नारायण ने इसके बाद मोर्चा संभाला। उन्होंने वोक्स के अगले ओवर में दो छक्के और दो चौके जड़ने के बाद वाशिंगटन सुंदर पर लगातार तीन गेंदों पर चौका और दो छक्का जड़ा और फिर एक रन के साथ सिर्फ 17 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। उमेश यादव ने हालांकि अपनी दूसरी ही गेंद पर उन्हें बोल्ड कर दिया. नारायण ने 19 गेंद का सामना करते हुए पांच छक्के और चार चौके मारे। कोलकाता ने पावर प्ले में दो विकेट पर 68 रन बनाए। 
 
  • facebook
  • twitter
  • googleplus
  • linkedin

More News »